मुख्यपृष्ठनए समाचारकराड लेता था मुंडे के निर्णय! ...धनंजय का इस्तीफा ले सरकार ... अंबादास...

कराड लेता था मुंडे के निर्णय! …धनंजय का इस्तीफा ले सरकार … अंबादास दानवे आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के पूर्व कृषि मंत्री धनंजय मुंडे का विभाग वास्तव में वाल्मीक कराड द्वारा संचालित किया जा रहा था, ऐसा गंभीर आरोप विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने लगाया है। उन्होंने कहा कि लगातार धनंजय मुंडे पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग जोर पकड़ रही है। ऐसे में सरकार आखिर धनंजय मुंडे को क्यों बचा रही है? दानवे ने कहा कि मंत्री मुंडे का विभाग आरोपी कराड ही चला रहा था। उस विभाग को जो प्रस्ताव दिए गए, उन्हें मुख्यमंत्री की भी सहमति मिली, जिससे सवाल उठता है कि क्या सरकार भी इसमें शामिल है?
दानवे ने आरोप लगाया कि तीन लाख का काम मजदूरों से कराने में चार महीने लगते हैं, लेकिन इस मामले में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर को दरकिनार किया गया। उन्होंने कहा कि मंत्री और उनके विभाग ने सरकार को धोखा दिया है और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल बीमा घोटाला भी सामने आया है, जिसमें बीड जिले में सबसे ज्यादा गड़बड़ी हुई है। दानवे ने कहा कि यह सुनियोजित घोटाला है और सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने मांग की कि इस घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर इस्तीफा लिया जाए। धनंजय मुंडे और वाल्मीक कराड की ईडी जांच होनी चाहिए। दानवे ने चेतावनी दी कि अगर धनंजय मुंडे का इस्तीफा नहीं लिया गया तो विधानसभा सत्र आगे नहीं बढ़ेगा।
दानवे ने कहा कि सरकार हत्या करने वालों का समर्थन कर रही है और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंजलि दमानिया ने पहले भी कुछ तथ्य उजागर किए थे, लेकिन मुंडे के दबाव में अधिकारी कार्रवाई नहीं कर सके। इसके अलावा उन्होंने लाडली बहन योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि चुनाव के दौरान इस योजना के तहत रिश्वत दी गई थी। चुनाव खत्म होते ही अब सरकार को शर्तें याद आ रही हैं।

अन्य समाचार