मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में अतिक्रमण हटाने के दौरान पथराव किया गया। मजार की आड़ में हुए अवैध कब्जे को हटाने के लिए डॉक्टरों की टीम पहुंची थी। जहां अतिक्रमणकारियों ने डॉक्टरों पर पथराव कर दिया। हमले में 2 डॉक्टरों सहित 4 लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केजीएमयू के डॉक्टर केके सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने मजार के चारों तरफ अवैध कब्जा किया हुआ है।यहां उन लोगों ने दुकान बनाई हुई है। पिछले चार सालों से इसे खाली कराने के लिए नोटिस दे रहे हैं, लेकिन अवैध कब्जे को हटाया नहीं गया। शनिवार को डॉक्टरों की एक टीम उन्हें अवैध कब्जा खाली करने के लिए कहने गई थी। इसी दौरान उन लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें दो सीनियर डॉक्टरों सहित कई लोगों को चोटें आई हैं।
डॉक्टर केके ने बताया कि अवैध कब्जे को खाली कराया जाए, अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम लोग सीएम योगी आदित्यनाथ के निवास तक मार्च करेंगे। केजीएमयू के लीगल एडवाइजर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया गया कि साल 1902 में यहां छोटी सी मजार थी। इसके बाद कुछ लोगों ने इसके आसपास दुकानें और घर बना लिया था। अभी तक इन लोगों को छह लीगल नोटिस भेजे जा चुके हैं।
शनिवार सुबह जब डॉक्टरों उन्हें सामान हटाने के लिए कहने गए तो उन लोगों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया था।26 अप्रैल को अवैध कब्जा हटाया जाएगा। इस संबंध में अतिक्रमणकारियों को पहले ही जानकारी दी गई थी। केजीएमयू ने नेत्र रोग विभाग के पास चल रही अवैध दुकानों को हटाने के लिए 19 अप्रैल को नोटिस दिया गया था। इसमें उन्हें 5 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था। केजीएमयू प्रशासन ने कहा कि नुकसान की भरपाई अतिक्रमणकारियों से की जाएगी।