मुख्यपृष्ठनए समाचारराणा सांगा के अपमान पर क्षत्रिय महासभा उतरी मैदान में! ...भेजा डीएम...

राणा सांगा के अपमान पर क्षत्रिय महासभा उतरी मैदान में! …भेजा डीएम के जरिये राष्ट्रपति को तीन सूत्रीय ज्ञापन

• सपा सांसद रामजीलाल सुमन पर राष्ट्रद्रोह का केस, सदन से बर्खास्तगी की मांग

सामना संवाददाता/सुल्तानपुर
विश्व के महान योद्धाओं में शुमार राष्ट्रनायक मेवाड़ नरेश महाराणा सांगा पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन की अपमानजनक टिप्पणी से अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा आक्रोशित हो उठी है। शनिवार को महासभा की स्थानीय इकाई ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर सांसद रामजीलाल सुमन की बर्खास्तगी व केस दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग सरकार से की।
शनिवार पूर्वाह्न क्षत्रिय महासभा के जिला महामंत्री सौरभ सिंह के नेतृत्व में रॉबिन मिश्र, सिद्धार्थ शुक्ल, अर्पित सिंह,बृजेश सिंह, उमेश पांडेय, राजीव सिंह, मानवेंद्र सिंह, श्वेतांक सिंह,श्रीयुत सिंह, आशुतोष पांडेय, प्रशांत श्रीवास्तव व अनुज प्रताप सिंह आदि समाज के अनेक वर्गों के जिम्मेदार लोग कलेक्ट्रेट के समक्ष पहुंचे। यहां सूक्ष्म सभा हुई। जहां महामंत्री सिंह ने बताया कि महाराणा सांगा पर की गई सांसद सुमन की टिप्पणी राष्ट्र का अपमान है। ऐसा महान योद्धा और राष्ट्रभक्त विश्व में मिलना मुश्किल है। वे संपूर्ण देश में शौर्य, पराक्रम, आत्मसम्मान व स्वाभिमान के प्रतीक हैं। रामजीलाल का अपराध अक्षम्य है। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह को पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार के समक्ष तीन सूत्रीय मांग रखी। जो कि इसप्रकार है। सांसद रामजीलाल सुमन की सांसदी छीनी जाय। राष्ट्रद्रोह का केस कर भेजा जाय उन्हें जेल व सुल्तानपुर शहर के मुख्य चौराहे पर लगे महाराणा सांगा की विशाल कांस्य प्रतिमा प्रतिमा लगाई जाय। इस मौके पर बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के लोग भी मौजूद रहे।

अन्य समाचार