मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में मार रहा मलेरिया डरा रहा डेंगू!

मुंबई में मार रहा मलेरिया डरा रहा डेंगू!

-मानसूनी रोगों को रोकेगी फोकाय मलेरिया, डेंगू के मिले हजारों मरीज

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है। ऐसे में अब मलेरिया जहां मार रही है, वहीं डेंगू भी डरा रहा है। इसके साथ ही अन्य मानसूनी बीमारियों ने भी डराना शुरू कर दिया है। जनवरी से मई तक मलेरिया के १,६१२ और डेंगू के ३३८ मामले सामने आए हैं। डेंगू-मलेरिया के प्रकोप को रोकने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन और दिल्ली के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार मुंबई मनपा ‘फोकाय’ पद्धति का उपयोग करने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और मुंबई मनपा द्वारा संयुक्त रूप से हाल ही में आयोजित एक कार्यशाला में मलेरिया, डेंगू और जलजनित रोगों के निवारक नियंत्रण और उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें ‘फोकाय’ आधारित उपचार और सूक्ष्म नियोजन पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस पद्धति का उपयोग उन विशेष विभागों में लागू करना है, जहां जलजनित रोगों के सबसे अधिक मरीज हैं। इसके तहत मच्छरों के प्रजनन स्थलों का पता लगाते हुए उन्हें नष्ट करना जैसे उपाय प्रभावी ढंग से लागू किए जाएंगे। मनपा की उम्मीद है कि इससे डेंगू और मलेरिया के मामलों में कमी आएगी। ऐसे में इसे इस मानसून व्यापक ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा।
इसलिए बढ़े मरीज
पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो २०२१ और २०२२ की तुलना में २०२३ में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि का मुख्य कारण यह है कि मरीजों का पता लगाने का दायरा काफी बढ़ गया है। सीधे तौर पर २२ से बढ़कर ८८० चिकित्सा संस्थानों में इन बीमारियों के मरीजों की संख्या रिपोर्ट की जाने लगी है। इसमें अस्पताल, दवाखानों और चिकित्सा लैब भी शामिल हैं।
मुंबई सेंट्रल में स्थित नायर डेंटल अस्पताल में इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मनपा स्वास्थ्य विभाग और महाराष्ट्र स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सेमिनार में लगभग ८५ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, निजी डॉक्टरों, चिकित्सा अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है।
मलेरिया
२०२१ – १,४०१
२०२२ – ८९३
२०२३ – १,१९०
२०२४ – १,६१२
डेंगू
२०२१ – ३७
२०२२ – ८४
२०२३ – ३५६
२०२४ – ३३८
चिकुनगुनिया
२०२१ – ०
२०२२ – ४
२०२३ – ६१
२०२४ – २१
गैस्ट्रो
२०२१ – १,०९८
२०२२ – २,३६३
२०२३ – ६,१७७
२०२४ – ३,४७८

अन्य समाचार