मुख्यपृष्ठनए समाचारपेपर लेस होगा म्हाडा..लाखों फाइलों की सफाई...अवकाश के दिनों में भी अधिकारी...

पेपर लेस होगा म्हाडा..लाखों फाइलों की सफाई…अवकाश के दिनों में भी अधिकारी ऑन ड्यूटी!

नागेंद्र शुक्ला / मुंबई

बांद्रा स्थित म्हाडा कार्यालय हाउसिंग बिल्डिंग में पिछले दो दिनों से सफाई अभियान चलाया जा रहा है और यह अभियान रविवार तक जारी रहा। इसके तहत आईएएस अधिकारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने न केवल अपने-अपने विभागों की सफाई की, बल्कि वर्षों से अटकी फाइलों के ढेर भी निकाले और उन्हें अपनी आवश्यकताओं के अनुसार वर्गीकृत किया। इस अभियान में एक लाख से अधिक फाइलों को वर्गीकृत किया गया है और अनावश्यक फाइलों और दस्तावेजों को नष्ट कर पेपर लेस म्हाडा को बनाने की तैयारी में अधिकारी लगे हैं। इस कार्य के लिए म्हाडा कर्मचारियों को पांच सौ से अधिक मजदूर, सफाईकर्मी उपलब्ध कराए गये।
बांद्रा स्थित म्हाडा मुख्यालय भवन में पांच मंजिल है और इसमें मुंबई बोर्ड, कोंकण बोर्ड, मुंबई बिल्डिंग मरम्मत और पुनर्निर्माण बोर्ड, स्लम इम्प्रूवमेंट बोर्ड जैसे विभिन्न कार्यालय हैं। म्हाडा मुख्यालय में वर्षों से कई फाइलों और दस्तावेजों का ढेर लगा हुआ है। इससे कर्मचारियों के साथ विभिन्न कार्यों से आने वाले नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पृष्ठभूमि में म्हाडा के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जयसवाल के निर्देशानुसार म्हाडा में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
शनिवार को अवकाश के दिन भी लगभग 700 अधिकारी-कर्मचारी स्वस्फूर्त ढंग से इस अभियान में शामिल हुए। यह अभियान रविवार को भी जारी रहा। म्हाडा के उपाध्यक्ष संजीव जयसवाल ने शनिवार को लगभग तीन घंटे तक म्हाडा मुख्यालय के प्रत्येक कार्यालय के कामकाज का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कार्यालय में पुराने एवं अनुपयोगी भारी सामान जैसे कंप्यूटर, टेबल, कुर्सियां, अलमारियां आदि को शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिया गया। कार्यालय के साथ-साथ कार्यालय के बाहर खुले स्थान में समस्या पैदा करने वाले फर्नीचर और अन्य अनावश्यक वस्तुओं के निपटान के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
फाइलों को वर्गीकृत और स्कैन किया जाएगा स्वच्छता अभियान में कार्यालय में फाइलों और दस्तावेजों को ‘ए’, ‘बी’, ‘सी’, ‘डी’ में वर्गीकृत किया जाएगा।
‘डी’ श्रेणी के दस्तावेज नष्ट कर दिए जाएंगे। वर्गीकरण के बाद फाइलों और दस्तावेजों को गोदाम में रखा जाना है। इनमें से प्रत्येक दस्तावेज का रिकॉर्ड संबंधित कार्यालय प्रमुख द्वारा रखा जाएगा। म्हाडा प्रशासन को पेपरलेस बनाने के लिए इन सभी फाइलों को स्कैन किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि ताकि कर्मचारी जरूरत के मुताबिक उन फाइलों को तुरंत मंगा सकें।

अन्य समाचार