– आम चुनाव के अप्रत्याशित परिणाम के बाद अब टूट रहा भाजपा खेमे का पखवारे भर से पसरा सन्नाटा
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
आम चुनाव में अप्रत्याशित परिणाम आने के बाद पखवारे भर से सत्ताधारी दल में छाया सन्नाटा अब धीरे-धीरे टूट रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के दो भाजपा विधायक आदिगंगा गोमती नदी पर नए पुल व सदर तहसील क्षेत्र के विस्तार की मांग को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे। बताया जाता है कि सीएम ने इस विषय पर सकारात्मक संकेत दिए हैं।
सुल्तानपुर नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं विनोद सिंह व सदर विस क्षेत्र के विधायक हैं राजप्रसाद उपाध्याय। दोनों ही सत्ताधारी दल का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों ने राजधानी लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात कर सुल्तानपुर के विकास के संदर्भ में बातचीत की। मुलाकात के दौरान विधायक सिंह ने शहर के गोलाघाट क्षेत्र में एक और नया पुल बनाए जाने की मांग की। उन्होंने सीएम को बताया कि टांटिया नगर फ्लाईओवर खराब होने के दौरान शहर के गोमती नदी पुल पर लोड अधिक बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में शहर के दोनों तरफ की आबादी को जोड़ने के लिए नया पुल निर्माण नितांत आवश्यक है, साथ ही सदर विधायक ने बल्दीराय की सराय गोकुल व मायंग सर्किल को सदर तहसील से संबद्ध करने की मांग की। उन्होंने तर्क दिए कि ये इलाके क्षेत्रवासियों के लिए सदर तहसील से जोड़ने पर ज्यादा सहज और सुगम रहेंगे। ऐसे संकेत हैं कि भाजपा विधायकों की मांग पर सीएम ने कार्य करने का आश्वासन दिया है।