मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र में मोदी फैक्टर फेल!... २३ प्रत्याशियों के लिए पीएम ने ली...

महाराष्ट्र में मोदी फैक्टर फेल!… २३ प्रत्याशियों के लिए पीएम ने ली सभा, जीते केवल ५

सामना संवाददाता / मुंबई

लोकसभा चुनाव के नतीजे ४ जून को घोषित हो गए। एनडीए को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में जोरदार झटका लगा है। भाजपा ने इस चुनाव में देश में ४०० और राज्य में ४५ पार का नारा दिया था। इसके लिए केवल महाराष्ट्र में २३ प्रत्याशियों के लिए मोदी ने सभाएं की थीं। लेकिन देश में ३०० और राज्य में २० के आंकड़े को भी जनता ने पार नहीं करने दिया। कुल मिलाकर महाराष्ट्र में मोदी फैक्टर फेल रहा।
उल्लेखनीय है कि एनडीए को देशभर में २९३, जबकि राज्य में केवल १७ ही सीटों पर संतोष करना पड़ा है। खासकर शिवसेना और राकांपा को तोड़ते हुए विरोधियों के पीछे जांच एजेंसियों को लगाने के बाद भी भाजपा को सफलता नहीं मिली। राज्य में महायुति को महाविकास आघाड़ी ने तगड़ी पटखनी दी है। फिलहाल राज्य में पराजय का ठीकरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के सिर पर फोड़ा जा रहा है। मोदी और शाह ने चुनाव से पहले और शुरू होने के बाद भी महाराष्ट्र के कई दौरे किए, सभाएं की, रोड शो किए, लेकिन इसका भाजपा को खासा लाभ नहीं हुआ। इसके विपरीत जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, उनको ही पार्टी में शामिल कर लिया और शिवसेना, राष्ट्रवादी जैसे दलों को तोड़ने से जनता के आक्रोश का सामना मतपेटी के माध्यम से करना पड़ा।
कचरे की पेटी में डाली मोदी की गारंटी
महाराष्ट्र में महायुति के केवल पांच प्रत्याशी विजयी हुए हैं। इसका मतलब यह है कि महाराष्ट्र की जनता ने मोदी की गारंटी को कचरे की पेटी में डाल दिया। साथ ही अपने वोट महाविकास आघाड़ी की झोली में डाले। महाविकास आघाड़ी को करीब ३० सीटों पर जीत हासिल हुई है।

अन्य समाचार