मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र में मानसून... सावधान: लगातार होगी बारिश

महाराष्ट्र में मानसून… सावधान: लगातार होगी बारिश

-मुंबई में चार दिन बाद होगी बरसात

सामना संवाददाता / मुंबई

लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। देश और महाराष्ट्र में सियासी गर्मी के बीच लोग भीषण गर्मी से हैरान हैं। इसी में वरुण देव का महाराष्ट्र में कल आगमन हो चुका है। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। साथ ही बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून कोकण के रत्नागिरी, सोलापुर और आगे मेडक, भद्राचलम विजयनगरम और फिर बंगाल की खाड़ी से इस्लामपुर तक पहुंच गया है। इस बीच रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में कल झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग पुणे शाखा के प्रमुख डॉ. होसालिकर ने चेतावनी दी है कि राज्य में चार दिनों तक बारिश होगी, जबकि शनिवार को भारी बरसात की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब महाराष्ट्र में पहुंच चुका है, जो प्रदेश के किसानों के लिए राहत पहुंचाने वाली खबर है। बता दें कि कुछ दिन समय से पहले हुई बारिश ने सभी को हल्की राहत दी थी। बताया गया है कि पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे, सातारा, कोल्हापुर, सोलापुर, सांगली और मराठवाड़ा के धाराशिव जिले में बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज और आंधी के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। दक्षिण कोकण, उत्तरी कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मुंबई में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर में शनिवार ८ जून और रविवार ९ जून को भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। रविवार से अगले दो दिनों तक मुंबई समेत सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, रायगड और पश्चिमी घाट में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। विदर्भ सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अन्य समाचार