मुख्यपृष्ठनए समाचारठाणे में स्थापित होंगी बाप्पा की १ लाख ६१ हजार से ज्यादा मूर्तियां

ठाणे में स्थापित होंगी बाप्पा की १ लाख ६१ हजार से ज्यादा मूर्तियां

सामना संवाददाता / ठाणे
ठाणे जिले के कल्याण, डोंबिवली, उल्हासनगर, भिवंडी, अंबरनाथ, बदलापुर सहित ठाणे शहर के लाखों कोकणवासी अपने प्रिय बाप्पा के स्वागत के लिए कोकण पहुंच चुके हैं। आज बाप्पा का आगमन होगा। इसके तहत ठाणे में कुल १ लाख ६० हजार ४६४ घरेलू और १ हजार ४३ सार्वजनिक बाप्पा की मूर्तियां स्थापित होंगी। पिछले वर्ष की तुलना में शहरी क्षेत्रों में १५ हजार २५७ बाप्पा की मूर्तियों की वृद्धि हुई है। ठाणे सिटी पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सिटी पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत आनेवाले ५ परिमंडलों में कुल १ लाख ६१ हजार ४६४ बाप्पा की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। गणेश भक्त अपने बाप्पा के स्वागत के लिए तैयार हैं फिर चाहे वह सार्वजनिक हों या घरेलू।  कुछ जगहों पर सार्वजनिक मंडलों में बाप्पा का आगमन हो चुका है। कल्याण-डोंबिवली शहर में सबसे अधिक सार्वजनिक और घरेलू बाप्पा का आगमन होगा।  कल्याण में २८९ सार्वजनिक एवं ५१ हजार ६१७ घरेलू बाप्पा की मूर्तियों का आगमन होगा। इनमें डेढ़ और पांच दिन के गणपति की संख्या अधिक है। ठाणे शहर में बाप्पा की संख्या २३०, भिवंडी में ४ हजार ९८८, कल्याण में ४ हजार ४९९, उल्हासनगर में ३ हजार ८१० और वागले इस्टेट सर्कल में ४ हजार ७५० बढ़ी है।
कल्याण में सबसे अधिक गौरी गणपति
मंगलवार, १० सितंबर को १५ हजार ५५५ गौरी गणपति का ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्राधिकार में आगमन होगा। इनमें सबसे ज्यादा गौरी गणपति की संख्या कल्याण सर्कल में ६,४२७ है, इसके बाद उल्हासनगर- ४,४८५, वागले इस्टेट- १,९९३, ठाणे शहर- १,७६२ और भिवंडी में ८८८ हैं। इस साल गौरी गणपति की संख्या में पिछले साल की तुलना में ७१० की बढ़ोतरी हुई।

अन्य समाचार