मुख्यपृष्ठनए समाचारमुलुंड की रंबल स्ट्रिप्स बनी मुसीबत! ...नागरिकों की शिकायतें अनसुनी कर रही...

मुलुंड की रंबल स्ट्रिप्स बनी मुसीबत! …नागरिकों की शिकायतें अनसुनी कर रही मनपा

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के मुलुंड-पूर्व में एमएचएडीए सिग्नल के पास बनी रंबल स्ट्रिप्स अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। इन स्ट्रिप्स को वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए लगाया गया था, लेकिन इसका नकारात्मक प्रभाव यह हुआ कि भारी वाहनों के गुजरने से तेज शोर और कंपन होने लगी। कई इमारतों में खिड़कियां हिलने लगीं और निवासियों की नींद प्रभावित होने लगी। समस्या को लेकर लोगों ने मनपा से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

रातभर शोर, सेहत पर असर
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ये स्ट्रिप्स रातभर शोर का कारण बनती हैं, जिससे कई लोगों को नींद न आने, सिरदर्द और चिड़चिड़ेपन जैसी समस्याएं हो रही हैं। वरिष्ठ नागरिकों और छोटे बच्चों को इसका सबसे अधिक असर झेलना पड़ रहा है। कंपन इतनी ज्यादा होती है कि खिड़कियों के शीशे तक हिलते हैं, जिससे लोग इमारतों की संरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।
मनपा की लापरवाही
इस समस्या को लेकर निवासियों ने मनपा, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को कई पत्र लिखे, लेकिन मनपा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस स्थान पर कोई दुर्घटना नहीं हुई है, इसलिए मनपा यदि चाहे तो स्ट्रिप्स हटा सकती है। इसके बावजूद मनपा की तरफ से सिर्फ बहाने बनाए जा रहे हैं और अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
समाधान न करने पर प्रदर्शन की चेतावनी
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि मनपा अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और वे शिकायतों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

अन्य समाचार