मुख्यपृष्ठनए समाचाररोजाना मात्र ६ घंटे भीख मांगने वाले को मुंबई ने बनाया मालामाल!...

रोजाना मात्र ६ घंटे भीख मांगने वाले को मुंबई ने बनाया मालामाल! …हवाई जहाज से करता है सफर

फिरोज खान / मुंबई
मुंबई का एक ऐसा भिखारी है, जो हमेशा हवाई जहाज से सफर करता है। अपने गांव जाना हो या कहीं और, वो हमेशा फ्लाइट का ही टिकट कटवाता है। १० साल पहले मुंबई में भीख मांगने का धंधा शुरू करनेवाला व्यक्ति इन दिनों मालामाल है। रोजाना ६ घंटे की ड्यूटी में यह व्यक्ति १६ सौ से १८ सौ रुपए कमाता है। कमाई के पैसों से इसने अपने गांव में अच्छा-खासा मकान भी बनवा लिया है। इसके दो बच्चे हैं, दोनों कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ते हैं। बांद्रा-पूर्व में बाकायदा किराए का मकान भी ले रखा है। तीन महीने की कमाई होते ही ये जमा पूंजी लेकर अपने गांव पहुंच जाता है।
बांद्रा-पूर्व में रहनेवाले इमरान का मूल गांव पश्चिम बंगाल में है। १४ साल पहले वहां एक सड़क हादसे में इमरान अपना एक पैर गंवा बैठा। पैर टूटने के बाद उसके सामने रोजी-रोटी कमाने की समस्या खड़ी हो गई। उस वक्त बेटी पांच साल की थी और बेटा दो साल का था। बच्चों की परवरिश और घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया था। ऐसे में उसके जाननेवाले एक शख्स ने उसे राय दी कि वह मुंबई चला जाए और भीख मांगे। व्यक्ति ने यह भी बताया कि मुंबई में बहुत पैसे हैं। १० साल पहले वह पड़ोसी से कर्ज लेकर मुंबई पहुंचा। इमरान ने बताया कि पहले उसे यह समझ नहीं आ रहा था कि वह अपना ठिया कहां बनाए। कई रेलवे स्टेशनों पर भीख मांगने की जगह बनाई, लेकिन ज्यादा कुछ कमाई नहीं होती थी। इसके बाद वह मीरा रोड स्टेशन पहुंचा और वहां अपना धंधा शुरू किया। इमरान के मुताबिक, यहां उसकी अच्छी-खासी आमदनी हो जाती है। रोजाना १,६०० से १,८०० रुपए मिल जाते हैं। इमरान ने बताया कि वह सुबह नौ बजे से शाम ४ बजे तक बैसाखी के सहारे खड़ा रहता है और जितने भी चिल्लर आते हैं, उसे वह होटलों में देकर रुपए बना लेता है। उसने बताया कि जब भी उसे अपने गांव जाना होता है तो वह फ्लाइट से ही जाता-आता है।

 

अन्य समाचार