मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी की राजधानी तो भिखमंगी हो गई! ...लखनऊ के भिखारियों की प्रति...

यूपी की राजधानी तो भिखमंगी हो गई! …लखनऊ के भिखारियों की प्रति महीने की आय ९०,०००

किसी भिखारी को देखकर हर कोई सोचता है कि वो बहुत गरीब है। कई बार खबर आती है कि फलां नाम के भिखारी के घर छापा पड़ा तो वो करोड़ों रुपए का मालिक निकला। वैसे एक सर्वे हुआ है, अगर सर्वे की मानें तो यूपी की राजधानी भिखमंगी हो गई है। अब इसे सरकार की कमी कहें या उन भिखारियों की मजबूरी जो काम नहीं करते, बल्कि भीख मांगना पसंद करते हैं।
बता दें कि एक सर्वे ने कई दिलचस्प तथ्य उजागर किए हैं। इस अध्ययन के अनुसार, लखनऊवासी प्रतिदिन लगभग ६३ लाख रुपए भीख देते हैं। सर्वे के दौरान पाया गया कि लखनऊ में लगभग ५,३१२ भिखारी हैं, जो भीख मांगकर अपने जीवन का गुजारा कर रहे हैं। यह सर्वे नगर निगम, समाज कल्याण विभाग और डूडा (डिस्ट्रिक्ट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी) द्वारा किया गया, जिसमें भिखारियों की आमदनी और उनकी सोशल बैकग्राउंड का अध्ययन किया गया। एक रोचक तथ्य यह है कि कुछ भिखारी प्रतिदिन ३,००० रुपए यानी प्रति महीने ९० हजार रुपए तक की कमाई कर रहे हैं। सर्वे में पता चला कि भिक्षावृत्ति से लोग अच्छी आमदनी कर रहे हैं। खासतौर पर महिलाएं इस क्षेत्र में पुरुषों की तुलना में अधिक कमा रही हैं। भिक्षावृत्ति में महिलाओं की सक्रियता भी ज्यादा है।
सर्वे में पता चला कि कई भिखारियों के एकाउंट में लाखों रुपए जमा हैं और वे इस पेशे को छोड़ना नहीं चाहते हैं। कई लोग इसको ग्रुप बनाकर संगठित रूप से करते हैं। इस सर्वे के बाद यह साफ हो गया है कि राज्य में बड़ी संख्या में लोग भीख मांगने के पेशे में लगे हैं। यह एक तरह से समानांतर अर्थव्यवस्था की तरह काम कर रहा है यानी लोग अपना काम छोड़कर कुछ लोगों को इस काम में पैसे कमाने के लिए लगा रखे हैं। अभी यह सर्वे केवल लखनऊ में किया गया है। अगर अन्य शहरों में भी इस तरह के सर्वे कराए जाएं तो कई और बड़ी जानकारी मिल सकती हैं।
ज्यादा भीख के लिए ७ वीं बार गर्भवती
परियोजना अधिकारी के मुताबिक, एक ऐसी महिला भिखारी मिली, जिसके पहले से छह बच्चे हैं। वह इन दिनों गर्भवती है। पूछने पर उसने बताया कि गर्भवती होने पर भीख ज्यादा मिलती है। इससे महीने की कमाई आसानी से ८०-९० हजार तक हो जाती है।
चारबाग में सबसे ज्यादा कमाई
चारबाग की टीमों की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि यहां के भिखारी सबसे ज्यादा कमाई कर रहे हैं। एक भिखारी ने अधिकारियों को बताया कि उसने अपने बैंक खाते में १३ लाख रुपए जमा किए हैं। उसे सरकारी सुविधा नहीं चाहिए, केवल भीख मांगने की अनुमति दी जाए।

अन्य समाचार