सामना संवाददाता / मुंबई
बांद्रा के निर्मल नगर में एक १८ वर्षीय युवती के साथ हुई हैवानियत ने लोगों को हिला दिया है। कुछ युवकों ने इस युवती को बेहोशी की दवा देकर गैंगरेप किया है। इस मामले में पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवती को लिफ्ट देने के बहाने दुष्कर्म किया गया। पीड़िता को घर छोड़ने का बहाना बहाकर आरोपी उसे अपने साथ ले गए और पानी में बेहोशी की दवा मिलाकर पिला दिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। होश में आने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने तुरंत घर वालों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच कराई, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
कुछ दिनों पहले मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल इलाके में भी एक २९ वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इसके साथ ही पुणे में एक युवती के साथ गैंगरेप की ााटना सामने आई। इन घटनाओं से मुंबई जैसे महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने गश्त दल, निर्भया टीम और अन्य योजनाओं की सूची तो दी है, लेकिन इन योजनाओं के प्रभावी तरीके से लागू होने पर संदेह जताया जा रहा है।