सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की सड़कों पर गड्ढों के विरोध में मुंबई यूथ कांग्रेस द्वारा गुरुवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपनगर कांदिवली-पश्चिम स्थित आर/दक्षिण मनपा में तालाबंदी आंदोलन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुंबई महानगरपालिका के कार्यालय पर ताला लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ५०० रुपयों के नकली नोट हवा में फेंक कर विरोध जताया। आंदोलन के दौरान जिला यूथ कांग्रेस के जिलाअध्यक्ष अल्पेश चौहान, चारकोप तालुका अध्यक्ष आशीष सरोज, मीडिया चेयरमैन नीलेश दुबे, अजय मिश्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस मौके पर मुंबई यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सड़कों पर गड्ढों के खिलाफ हमने ‘लाडला गड्ढा योजना’ अभियान शुरू किया है। उनहोंने आगे कहा कि मनपा सड़कों के गड्ढों को भरने में नाकाम साबित हुई है। मनपा निकम्मी और कामचोर है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कमीशनखोर हैं। गड्ढों की वजह से मुंबईकरों की मौत हो रही है। जनता टैक्स देती है, इसके बावजूद उन्हें सड़कों पर गड्ढें मिलते हैं। सीएम शिंदे को मुंबई की जनता की तकलीफ दिखाई नहीं दे रही है। बता दें कि बीते दिनों शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई समेत राज्य की सड़कों पर गड्ढों को लेकर सीएम शिंदे पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा था कि दो साल में मुंबई गड्ढों से मुक्त हो जाएगी। उसका क्या हुआ? पांच साल में ६,००० करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट चालू करने की क्या जरूरत थी?