सामना संवाददाता / कल्याण
बी. के. बिड़ला महाविद्यालय, कल्याण के शिक्षा निदेशक और मुंबई विश्वविद्यालय के पूर्व प्र. कुलगुरु डॉ. नरेश चंद्र को “याज्ञवल्क्य पुरस्कार 2024-25” से सम्मानित किया गया। शुक्ल यजुर्वेदीय माध्यंदिन ब्राह्मण संस्था द्वारा यह पुरस्कार उन्हें शैक्षणिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रदान किया गया। अत्रे रंगमंदिर में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार और प्रसिद्ध समाजसेवी पद्मश्री डॉ. प्रकाश आमटे के करकमलों से डॉ. नरेश चंद्र को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. नरेश चंद्र ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कल्याण शहर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
डॉ. नरेश चंद्र ने बिड़ला महाविद्यालय की उपलब्धियों का श्रेय बिड़ला परिवार, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओ. आर. चितलांगे, पूर्व और वर्तमान प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों को दिया। उन्होंने कहा कि “मैं चाहता हूँ कि कल्याण शहर की पहचान अब पूरे देश में शिक्षा के केंद्र के रूप में बने और पूरी दुनिया से विद्यार्थी यहां अध्ययन के लिए आएं।” कार्यक्रम में पूर्व विधायक नरेंद्र पवार, श्रीकांत बोजेवार, बिड़ला महाविद्यालय के अध्यक्ष ओ. आर. चितलांगे, उपाध्यक्ष सुबोध दवे, मिलिंद कुलकर्णी, राजीव जोशी आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।