मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमाटुंगा मरुबाई गांव देवी मंदिर में रेवती नक्षत्र में शुरू होगा नवरात्रि...

माटुंगा मरुबाई गांव देवी मंदिर में रेवती नक्षत्र में शुरू होगा नवरात्रि महोत्सव


रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

माटुंगा (मध्य रेल) के महेश्वरी उद्यान स्थित मरुबाई गांव देवी मंदिर में 30 मार्च, रविवार से रेवती नक्षत्र में चैत्र नवरात्रि महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव 12 अप्रैल तक चलेगा और इसमें विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

मरुबाई गांव देवी मंदिर के ट्रस्टी अनिल गावंड के अनुसार, यह मंदिर किंग सर्कल रेलवे स्टेशन हार्बर लाइन से कुछ ही दूर, अरोरा सिनेमा के पास स्थित है। इस मंदिर की विशेषता यह है कि देवी की प्रतिमा स्वयं भू (प्राकृतिक) है, जो इसे भक्तों के बीच अत्यधिक श्रद्धा और विश्वास का केंद्र बनाती है। लोग इस देवी को अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली मानते हैं।

पुराने समय में कहा जाता था कि जब फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता पृथ्वीराज कपूर अपने परिवार के साथ मुंबई आए, तो उन्हें इस देवी ने शरण दी थी। वे लंबे समय तक अपने परिवार के साथ इस मंदिर में रहे, और बाद में खालसा कॉलेज के पास स्थित एक गली में रहने चले गए। कहा जाता है कि पृथ्वीराज कपूर का इस देवी पर गहरा विश्वास था, और वे जब भी किसी कार्य के लिए घर से बाहर जाते, पहले देवी का दर्शन करके निकलते थे। इसी तरह, फिल्म अभिनेता शशि कपूर की पढ़ाई भी इस क्षेत्र के डॉन बास्को स्कूल में हुई थी।

माटुंगा क्षेत्र को शिक्षा का हब भी माना जाता है, और इस मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि परीक्षा के समय बहुत से विद्यार्थी देवी का आशीर्वाद लेने मंदिर आते हैं और सफलता प्राप्त करते हैं।

30 मार्च से शुरू होने वाले इस नवरात्र महोत्सव के दौरान मंदिर में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें भजन कीर्तन, गणेश हवन (विनायक चतुर्थी के उपलक्ष्य में), हल्दी कुंकू (महिलाओं के लिए), कुमारी पूजन (दुर्गाष्टमी के दिन), और राम नवमी का आयोजन प्रमुख हैं। 10 अप्रैल को श्रीशुक्त से देवी का महाभिषेक किया जाएगा, और शुक्रवार को नवकुंडी यज्ञ की पूर्णाहुती होगी।

इस महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण होगा शनिवार की शाम को होने वाली मां की भव्य शोभायात्रा। इस शोभायात्रा में मां की पालकी के नीचे से निकलने के लिए भक्तों में होड़ मचती है। लोग घंटों तक प्रतीक्षा करते हैं ताकि वे मां की पालकी का दर्शन कर सकें। यात्रा के बाद मंदिर में महाप्रसाद का आयोजन भी किया जाएगा।

इस नवरात्रि महोत्सव का आयोजन भक्तों के लिए एक अद्वितीय अनुभव और धार्मिक महत्व का होगा, जहां श्रद्धालु देवी मां से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में सुख और समृद्धि की कामना करेंगे।

अन्य समाचार