म्हस्के को टिकट मिलने से शिंदे गुट के ही लोग हुए नाराज कल्याण में श्रीकांत शिंदे के खिलाफ जनता में है आक्रोश
धीरेंद्र उपाध्याय / ठाणे
ठाणे और कल्याण समेत छह लोकसभा सीटों को लेकर महायुति में काफी समय से पेच फंसा हुआ था। इसमें से भाजपा ने ठाणे और कल्याण लोकसभा सीट शिंदे गुट की झोली में डाल दिया है। इसे लेकर एक दिन पहले कई घंटों तक चली बैठक के बाद पैâसला लिया गया। इसके तुरंत बाद ही शिंदे गुट ने दोनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी। ऐसे में भले ही सीट बंटवारे को लेकर काफी समय से चल रहा महाभारत खत्म हो गया है, लेकिन अब महायुति में नई माथापच्ची की शुरुआत हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, ठाणे में नरेश म्हस्के को टिकट दिए जाने से शिंदे गुट के लोग ही नाराज हो गए हैं। दूसरी तरफ सीटिंग सांसद श्रीकांत शिंदे की दबंगई से कल्याण लोकसभा क्षेत्र में जनता के मन में पहले से ही आक्रोश है। ऐसे में माना जा रहा है कि ठाणे के शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रत्याशी राजन विचारे और कल्याण से वैशाली दरेकर के जीतने की राह आसान हो गई है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में ठाणे और कल्याण समेत छह लोकसभा सीटों पर पेच फंसा हुआ था। इनमें से ठाणे सीट पर भाजपा की ओर से दावा किया जा रहा था। खासकर, ठाणे सीट पर उम्मीदवार के एलान को लेकर भाजपा और शिंदे गुट में मतभेद थे। भाजपा ठाणे सीट से संजीव नाईक को चुनाव मैदान में उतारना चाहती थी। इसी संभावना के कारण भाजपा के इच्छुक प्रत्याशी संजीव नाईक ने भी नई मुंबई, मीरा-भायंदर के साथ ही ठाणे में मतदाताओं से मेल-मुलाकात करते हुए चुनाव प्रचार आरंभ कर दिया था। उनके इस तरह प्रचार किए जाने से यह तय माना जा रहा था कि ठाणे सीट पर भाजपा अपने उम्मीदवार को ही उतारेगी। हालांकि, कल्याण के साथ ही ठाणे सीट को भी शिंदे गुट बिल्कुल भी नहीं छोड़ना चाहता था। फिलहाल, काफी विचार-विमर्श के बाद भाजपा ठाणे सीट को शिंदे गुट को देने पर राजी तो हो गई, लेकिन भाजपा ने शर्त रखी कि ठाणे में उम्मीदवार का एलान भाजपा के साथ चर्चा के बाद ही होगा। इस बीच मंगलवार को काफी विचार-विमर्श के बाद ठाणे से नरेश म्हस्के के नाम पर मुहर लग गई। ठाणे सीट से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राजन विचारे चुनाव मैदान में हैं। साल २०१४ और २०१९ के चुनाव में राजन विचारे ने ही यहां से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा कल्याण लोकसभा सीट पर श्रीकांत शिंदे का नाम पहले से ही तय था और सिर्फ औपचारिक एलान होना बाकी था। बीते महीने ही राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल्याण लोकसभा सीट से श्रीकांत शिंदे के चुनाव लड़ने की बात कही थी। कल्याण सीट पर श्रीकांत शिंदे का मुकाबला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार वैशाली दरेकर से होगा। वैशाली साल २००९ का लोकसभा चुनाव कल्याण से ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की तरफ से लड़ चुकी हैं। इस बार वे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। बता दें कि नई मुंबई में गणेश नाईक के कारण भाजपा की ताकत ज्यादा है।
राजन विचारे की तरफ हुआ वोटरों का झुकाव
नरेश म्हस्के को टिकट मिलने के बाद से ही ठाणे, मीरा-रोड और नई मुंबई में हर समाज के लोगों का झुकाव राजन विचारे की तरफ हो गया है। इसके अलावा यह कहा जा रहा है कि शिंदे गुट को उनकी जगह दिखाने के लिए भाजपा के दबाव में नरेश म्हस्के को टिकट दिया गया है। ऐसे में राजन विचारे अब पूरी ताकत के साथ प्रचार में जुट गए हैं। इसके तहत पूरे ठाणे लोकसभा क्षेत्र में विचारे पहले चरण के चुनाव प्रचार अभियान को पूरा कर लिया है। इसके साथ ही अब उन्होंने शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख की उपस्थिति में नामांकन भरते हुए प्रचार के दूसरे चरण को शुरू कर दिया है।