मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में आम लोगों के लिए घर नहीं...  म्हाडा से भी टूटी...

मुंबई में आम लोगों के लिए घर नहीं…  म्हाडा से भी टूटी उम्मीदें!

-करोड़ों में पहुंची कीमतों को देखकर हैरान हुए आवेदक

सामना संवाददाता / मुंबई

सपनों के शहर मुंबई में घर खरीदना अब आम लोगों के बस में नहीं रह गया है। म्हाडा से जो उम्मीदें थीं, वह भी अब टूट चुकी हैं। म्हाडा के मुंबई मंडल के घरों की करोड़ों में पहुंची कीमतों को देखकर आम आवेदक हैरान हैं। अत्यधिक महंगी कीमतों के कारण इच्छुक लोगों ने लॉटरी से मुंह मोड़ लिया है और म्हाडा के घरों की कीमतें कम करने की मांग जोर पकड़ रही है। इसी बीच म्हाडा के शुभंकर (मास्कॉट) के अनावरण के लिए आज यानी बुधवार को आवास मंत्री अतुल सावे म्हाडा मुख्यालय में आने वाले हैं। इस दौरान वे घरों की कीमतें कम करने के बारे में कोई निर्णय घोषित करेंगे या नहीं, इस पर सभी आम आवेदकों की नजरें टिकी हुई हैं।
अल्प आय वर्ग फ्लैट की कीमत करोड़ों में
म्हाडा ने मुंबई में २०३० घरों की बिक्री के लिए ९ अगस्त से आवेदन पंजीकरण की स्वीकृति शुरू की है, जिनकी कीमतें २९ लाख रुपए से लेकर ७ करोड़ ५७ लाख रुपए तक हैं। इन घरों की कीमतों को देखकर ऐसा लगता है कि म्हाडा आम जनता की खिल्ली उड़ा रही है। अल्प आय वर्ग के लिए वरली में एक फ्लैट की कीमत २ करोड़ ६२ लाख रुपए तय की गई है, जिससे आम लोगों के लिए इतने महंगे घर खरीदना मुश्किल हो गया है। इतनी कम सैलरी में बैंक उन्हें कर्ज भी देंगे या नहीं, इस पर आम लोगों ने सवाल उठाए हैं। इस वजह से म्हाडा के सामने इन घरों को बेचने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
अब तक सिर्फ २२ हजार आवेदन
म्हाडा के मुंबई मंडल के घरों पर आमतौर पर आवेदकों की भीड़ रहती है। इस बार हालांकि, इसका उल्टा दृश्य नजर आ रहा है। सत्रह दिनों में सिर्फ २२ हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से १४,५८३ लोगों ने जमा राशि के साथ आवेदन प्रस्तुत किया है। पिछले साल म्हाडा ने चार हजार घरों के लिए निकाली गई लॉटरी के लिए करीब १.२५ लाख आवेदन प्राप्त किए थे।

अन्य समाचार

जीवन जंग