विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
अब दलितों पर डोरे डालने के लिए भारतीय जनता पार्टी गांव-गांव, गली-गली अभियान शुरू करने जा रही है। २० से २५ अप्रैल तक इस अभियान के तहत पार्टी के बड़े प्रमुख दलित नेताओं को जनता के बीच उतारा जाएगा। इसके बाद वक्फ बिल के विषय में सरकार का पक्ष लेकर भाजपाई मुसलमानों के बीच जाएंगे और उनसे समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे।
बुधवार को सुल्तानपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों व मण्डल अध्यक्षों की कामकाजी बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रुपरेखा तैयार हुई। जिलाध्यक्ष त्रिपाठी ने बताया कि २० अप्रैल को जिला कार्यालय में केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी व भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय दो सत्रों में गोष्ठी को संबोधित करेंगे, जिसमें पार्टी दलित बुद्धिजीवियों व पढ़ें लिखे लोगों को लाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ता दलित व सेवा बस्तियों में जाकर संपर्क व संवाद स्थापित करेंगे। पार्टी वक्फ संशोधन बिल के पक्ष में २० अप्रैल से ४ मई तक अभियान चलाएगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, युवा मोर्चा व भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुसलमानों के बीच जाकर विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करेंगे और वक्फ संशोधन बिल की खूबियां गिनाएंगे। इसके अलावा ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ में माहौल बनाने के लिए २६ अप्रैल को पयागीपुर स्थित गनपतसहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित होगी। प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ के समर्थन में सभी जनप्रतिनिधियों, एनजीओ व आम लोगों का प्रस्ताव राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। बैठक संचालन जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कुमार ने किया। जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ सीताशरण त्रिपाठी, जगजीत सिंह, आनन्द द्विवेदी, शशीकांत पाण्डेय, संदीप सिंह, प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, धर्मेन्द्र कुमार, मनोज मौर्य, प्रदीप शुक्ल, जगदीश चौरसिया, पूजा कसौधन, अशोक सिंह, नरेंद्र सिंह, चन्दन नारायन सिंह, सुमन राव कोरी, रेखा निषाद, नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, प्रदीप शर्मा, संतोष सिंह आदि मौजूद रहे।