सामना संवाददाता / मुंबई
लोकसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी को अच्छी सफलता मिली थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव में हार हुई, लेकिन हम एक हार से हताश नहीं होने वाले हैं। यह कहते हुए राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने वैचारिक लड़ाई लड़ने के लिए इसी समय को सही बताया। उन्होंने इन शब्दों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच नया उत्साह जगाया।
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक में शरद पवार ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई हार से निराश न होकर, नए जोश के साथ संघर्ष करने की जरूरत है। हमें देश को तोड़ने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ना चाहिए। इसके लिए हर संभव प्रयास करने की आवश्यकता है। इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस की कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले, कार्याध्यक्ष पी.सी. चाको, राष्ट्रीय सचिव जीतेंद्र आव्हाड सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
हमारे लोगों को बहलाने की साजिश
जीतेंद्र आव्हाड ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी द्वारा हमारे लोगों को बहलाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के सभी विधायक उनके साथ हैं। सत्ताधारियों की नफरत और तनाव पैâलाने वाली सोच के खिलाफ हमें मजबूती से लड़ना चाहिए। इस बैठक में पार्टी ने यह संकल्प लिया कि वे देश में बढ़ रही विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ मुखर रूप से संघर्ष करेंगे और अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखेंगे।