सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार में अफीम की खेती होने का मामला सामने आया है। पुणे में एक महिला ने सड़क के किनारे ही अफीम की खेती शुरू कर दी थी। जब इसकी खबर पुलिस को लगी तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस ने खेत पर छापा मारा, जिसमें पूरा खेत अफीम से भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने छापेमारी कर अफीम के पौधों को जब्त कर लिया और खेती करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला पुणे के आलंदी में सड़क किनारे का है। आलंदी म्हातोबा गांव के इलाके में अफीम की खेती पाई गई, लोनी कालभोर पुलिस ने महिला के खिलाफ नशीले पदार्थ की खेती करने का मामला दर्ज कर लिया है। लोनी कालभोर पुलिस को सूचना मिली कि आलंदी म्हातोबा में सड़क किनारे की जमीन पर अफीम की खेती की गई है। इस पर पुलिस की टीम ने छापा मारा तो वहां ६६ अफीम के पेड़ लगे हुए थे। इस मामले में महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले लोनी कालभोर इलाके में अफीम उत्पादकों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए थे। अफीम की खेती करने के लिए सरकार से लाइसेंस लेना जरूरी होता है। अगर कोई व्यक्ति बिना लाइसेंस के इसका एक भी पौधा उगाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।