अमिताभ श्रीवास्तव
साल के अंतिम दिन ब्रिटेन के एक करोड़पति के यहां सबसे बड़ी चोरी हो गई। इसमें एक सेलिब्रेटी के आभूषण भी थे, जिसे उसने सोशल मीडिया पर दिखाए भी थे। यह चोरी करीब १०.४ मिलियन पाउंड की बताई जा रही है।
खबरों में बताया जा रहा कि यह काम एक अकेले चोर का है, जिसने उत्तरी लंदन के प्रिमरोज हिल स्थित एक घर में दूसरी मंजिल की खिड़की से घुसकर ब्रिटेन की सबसे बड़ी चोरी को अंजाम दिया। उस वक्त मालिक घर से बाहर था, चोर ने घर में तोड़-फोड़ की और १०.४ मिलियन पाउंड मूल्य के हीरे के आभूषण चुरा लिए।
अब यह खुलासा हुआ है कि कला संग्रहकर्ता और बॉन्ड स्ट्रीट स्थित हेल्सियन गैलरी की सांस्कृतिक राजदूत शफीरा हुआंग भी इस चोरी के पीड़ितों में से एक है। शफीरा अकसर विलासितापूर्ण वस्तुओं, भव्य यात्राओं का प्रदर्शन किया करती थीं और सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति का प्रदर्शन करती थीं। उनके अकाउंट पर पहले भी कुछ ऐसी चीजें दिखाई गई हैं जो इस महीने की शुरुआत में चोरी हो गई थीं। रफल्स शैली के हुड वाले चोर ने मगरमच्छ की खाल से बने हेमीज हैंडबैग भी चुरा लिए, जिनकी कीमत १,५०,००० पाउंड थी तथा १५,००० पाउंड नकद भी ले गए। कल रात शफीरा हुआंग और उनके परिवार ने दो इनाम रखे। उन्होंने संदिग्ध की गिरफ्तारी और सजा के लिए सूचना देने वाले को ५,००,००० पाउंड का पुरस्कार देने को कहा है।
संभल के बैठो, मारे जाओगे
लड़कियों का अकेले यात्रा करना हर जगह बड़ा रिस्की होता है। आए दिन ऐसी घटनाएं सुनने को मिलती हैं जो रोंगटे खड़ी कर देती हैं। ओला, उबेर वैâब जैसी कंपनियों की सेवा यदि सुलभ मानी जाती है तो कई बार ऐसी घटनाएं चौंका दिया करती हैं। अब देखिए न, ब्राजील में एक उबेर टैक्सी में सवार पर्यटक की उस समय गोलियों से हत्या कर दी गई, जब उसके ड्राइवर ने टैक्सी को एक गलत रास्ते से ले जाकर खतरनाक उपनगर में पहुंचा दिया था।
३४ वर्षीय डेली दा सिल्वा नामक एक महिला की उस समय तत्काल मृत्यु हो गई जब रियो डी जेनेरियो के पश्चिम में वर्गेम पेक्वेना में जिस कार में वह बैठी थी, उस पर गोलीबारी की गई। लेखा प्रबंधक डिएली नए साल की पूर्वसंध्या के जश्न से पहले शहर में छुट्टियां मनाने गई थीं। उनके ड्राइवर ३४ वर्षीय एंडरसन पिनहेइरो को भी गोली लगी, लेकिन उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर उनकी जान बच गई। २८ दिसंबर को हुई गोलीबारी की जांच कर रही सैन्य पुलिस का मानना है कि कार को किसी गिरोह के क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए निशाना बनाया गया होगा, क्योंकि चालक ने रास्ता बदल लिया था। डिएली साओ पाओलो राज्य के जुंडियाई स्थित अपने घर से रियो आई थीं। उबेर ने बताया कि वे पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं और डिएली के परिवार को उबेर के बीमा के तहत मुआवजा मिल सकता है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)