मुख्यपृष्ठस्तंभआउट ऑफ पवेलियन : ये हिमो ओटोको क्या है?...बीवी की कमाई पर...

आउट ऑफ पवेलियन : ये हिमो ओटोको क्या है?…बीवी की कमाई पर ऐश करने का नया फंडा

अमिताभ श्रीवास्तव

दुनिया में इस नाम को पढ़ते ही लोग चौंक जाते हैं। बड़ा अजीब है यह और दिलचस्प भी, मगर आखिर क्या है हिमो ओटोको? आइए बताते हैं कि यह क्या है। ३६ वर्षीय रयुता वतनबे खुद को `हिमो ओटोको’ कहते हैं, जिसका मतलब ऐसा पुरुष होता है, जो आर्थिक रूप से किसी महिला पर निर्भर हो, भले ही वह शारीरिक रूप से सक्षम हो। वह एक जापानी इंफ्लुएंसर हैं और हर महीने करीब ७ लाख रुपए कमाता है, लेकिन अपने घरेलू खर्चों के लिए वे अपनी तीन साथी महिलाओं पर निर्भर रहता है। रयुता का सपना है कि वह ५४ बच्चों का पिता बनें। उसने खुलासा किया कि वह जापानी शोगुन तोकुगावा इनारी का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं, जिन्होंने २७ पत्नियों के साथ ५३ बच्चों को जन्म दिया था। फिलहाल, रयुता तीन महिलाओं के साथ रहता है। हालांकि, कानूनी कारणों से वो उन्हें अपनी पत्नियां नहीं कह सकता, क्योंकि जापान में बहुविवाह मान्य नहीं है। इसलिए ये महिलाएं बिना आधिकारिक विवाह पंजीकरण के उनकी जीवनसंगिनी बनी हुई हैं। जापानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रयुता तीन और अपने चार बच्चों के साथ रहते हैं, जिनमें दो जुड़वां बच्चें भी शामिल हैं। वे होक्काइडो के उत्तर जापान से हैं और उनकी एक चौथी पत्नी भी है, जो अलग रहती हैं। उनके और उनकी चौथी पत्नी के रिश्ते में उतार-चढ़ाव रहता है। इसके अलावा उन्होंने अन्य महिलाओं से सात और बच्चे पैदा किए हैं, जिनसे उनका पहले कभी न कभी संपर्क हो चुका है।
टीम इंडिया का ब्लंडर या वंडर?
इंग्लैंड का सफाया करने के बावजूद कोच गौतम गंभीर की फिर आलोचना हो रही है। दरअसल, इस बार उनके एक ब्लंडर की बात है। हालांकि, यह ब्लंडर अकेले कोच का ही नहीं, बल्कि चयन समिति और कप्तान का भी है पर इसे एक बड़ी रिस्क भी कहा जा रहा और सरप्राइज भी, जो चमत्कार दिखा सकता है। सबकुछ जसप्रीत बुमराह के न होने की वजह से है। उनकी जगह को भरने के लिए टीम में शामिल खिलाड़ियों को लेकर मामला संगीन सा दिखने लगा है। एक तो पांच स्पिनरों की बात समझ से बाहर है। दुबई जाने वाली टीम में पांच स्पिनर रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती होंगे। जसप्रीत बुमराह की जगह हर्षित राणा ने ली है, जबकि अधिक अनुभवी मोहम्मद सिराज को युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और ऑलराउंडर शिवम दुबे के साथ रिजर्व में रखा गया है, जो टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे। भारत के मैच दुबई में होने हैं, जहां आमतौर पर वनडे क्रिकेट में तेज गेंदबाजों को अधिक कामयाबी मिली है। बुमराह की जगह हर्षित को देने के पीछे उनकी बल्लेबाजी करना भी है, पर इसे ब्लंडर कहा जा रहा है, जबकि यह वंडर भी हो सकता है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार