सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुई ट्रेन हाईजैक की घटना को कल ३० घंटे से ज्यादा हो गए। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और पाकिस्तानी सेना के बीच युद्ध जारी है। इस बीच ट्रेन हाईजैक को लेकर पाकिस्तान ने भारत पर बड़ा आरोप लगाया है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने बेशर्मी की हद पार कर दी। पाकिस्तानी पीएम शहबाज के राजनीतिक सलाहकार का आरोप है कि इसमें भारत का हाथ है। पाकिस्तानी टीवी चैनल से बातचीत में शहबाज के राजनीतिक सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा कि हां, भारत कर रहा है, इसमें कोई शक नहीं है।
राणा सनाउल्लाह के साथ बातचीत का वीडियो डॉन टीवी के एंकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक सुरंग में विद्रोही गुट द्वारा एक यात्री ट्रेन पर हमला किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने कम से कम २७ बलूच लड़ाकों को मार गिराया और १५५ यात्रियों को बचा लिया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पाकिस्तानी सेना का अभियान अभी भी जारी है। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान ३७ यात्री घायल हो गए और उन्हें चिकित्सकीय उपचार मुहैया कराया गया है।
बीएलए ने जारी संदेश में क्या कहा?
बलोच लिबरेशन आर्मी ने ट्रेन हाईजैक के पीछे की वजह बताई है। एक ऑडियो संदेश में बलोच फिदायीन ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के अत्याचार और बलूचिस्तान प्रांत के संसाधनों के शोषण ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया। दशकों से पाकिस्तानी सेना द्वारा शोषण किया जा रहा है। हम जो युद्ध लड़ रहे हैं, वो न्याय और अस्तित्व की लड़ाई है। यह युद्ध बलूचिस्तान की माताओं और बहनों के लिए है। मातृभूमि के लिए अपना खून बहा रहे हैं।
पाकिस्तान सरकार पर उठ रहे सवाल
बलूचिस्तान में हुए ट्रेन हाईजैक की अप्रिय घटना पर पाकिस्तान सरकार की प्रतिक्रिया पर कई सवाल उठ रहे हैं। पाक के सरकारी सूत्रों के अनुसार ८० यात्रियों को बचा लिया गया है और ३० आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि, बलूच नेताओं का कहना है कि सरकार स्थिति की गंभीरता को छिपा रही है। २०० ताबूतों के भेजे जाने की खबर से तनाव बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान सरकार की प्रतिक्रिया अपर्याप्त है और वह स्थिति को नियंत्रित करने में बिल्कुल विफल रही है।