मुख्यपृष्ठटॉप समाचारदक्षिण मुंबई, मीरा रोड, मुंब्रा में पाकिस्तानी कन्फ्यूज! ...फ्लाइट बंद, वाघा बॉर्डर...

दक्षिण मुंबई, मीरा रोड, मुंब्रा में पाकिस्तानी कन्फ्यूज! …फ्लाइट बंद, वाघा बॉर्डर बंद, फिर कैसे करें स्वदेश वापसी?

मोदी सरकार ने किया वीजा कैंसल
सामना संवाददाता / मुंबई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए देश में मौजूद सभी पाकिस्तानियों का वीजा रद्द करने का आदेश दिया है। इसी के साथ सभी पाकिस्तानी नागरिकों को हिंदुस्थान छोड़ने का आदेश दिया है। ऐसी स्थिति में मुंबई और उसके आस-पास रहनेवाले पाकिस्तानियों में हलचल मच गई है और साथ ही वे कन्फ्यूज भी हो गए हैं। हजारों की संख्या में पाकिस्तानी नागरिक मुंब्रा, मीरा रोड, जोगेश्वरी और दक्षिण मुंबई में अपने रिश्तेदारों के पास आते-जाते हैं। इन सभी पाकिस्तानी नागरिकों में भगदड़ और घबराहट मची हुई है। खबर है कि राज्य सरकार वैध वीजा से हिंदुस्थान आए पाकिस्तानियों की जानकारी इकट्ठा करने में जुट गई है। पाकिस्तानी नागरिकों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि उनके वीजा रद्द होने के बाद वे पाकिस्तान वैâसे लौटेंगे, क्योंकि पाकिस्तान ने २४ अप्रैल से एयरस्पेस बंद कर दिया है। इससे वे काफी कन्फ्यूज हैं। यहां से सिविलियन और मिलेट्री एयरक्राफ्ट की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।

२९ अप्रैल तक लौटना होगा
करीम शेख का कहना है कि पाकिस्तानी नागरिकों को यह भी जानकारी मिली है कि पाकिस्तान ने वाघा बॉर्डर तत्काल बंद कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मेडिकल वीजा के सहारे भी कई पाकिस्तानी नागरिक मुंबई में इलाज के लिए आए हुए हैं। उन्हें भी २९ अप्रैल तक मुंबई छोड़कर अपने देश लौटना होगा।

नागरिकों में भगदड़
मीरा रोड में रहनेवाले करीम शेख ने बताया कि जब से पता चला है कि पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया गया है, तब से पाकिस्तानी नागरिकों में भगदड़ मच गई है। वे सभी अपने देश लौटने के लिए हर कोशिश कर रहे हैं।

शादी का सीजन
इन दिनों शादी का सीजन है और काफी शादियां हो रही हैं। मीरा रोड, मुंब्रा, जोगेश्वरी और दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार, नागपाड़ा और डोंगरी जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक आए हुए हैं।

नेपाल-बांग्लादेश की सीमा से
पाकिस्तानी करते हैं घुसपैठ!

पहलगाम आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने अटारी बॉर्डर को बंद कर दिया है। यहां रहनेवाले पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा को रद्द करने के साथ ही उन्हें देश छोड़ने का अल्टीमेटम भी दे दिया गया है। ऐसे में पाकिस्तानियों में घबराहट का माहौल है। इनमें अवैध पाकिस्तानियों की संख्या भी काफी है। नाम न छापने की शर्त पर एक व्यक्ति ने बताया कि मुंबई में बड़ी संख्या में अवैध पाकिस्तानी भी रहते हैं। वे नेपाल और बांग्लादेश की पूर्वी सीमाओं से घुसपैठ कर बंगाल के रास्ते मुंबई तक पहुंचे हुए हैं।
नागपाड़ा में टूर एंड ट्रैवल का व्यवसाय करनेवाले शोएब ने बताया कि जब से पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने की जानकारी मिली है, तब से टिकटों के लिए पूछताछ बढ़ गई है। पाकिस्तान जानेवाली दो प्रमुख ट्रेनें, समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस पहले ही बंद कर दी गई है।

बस सेवा बाधित
शोएब ने बताया कि वाघा बॉर्डर बंद कर देने से बस की सेवा भी बाधित है। ‘सदा-ए-सरहद’ नामक बस दिल्ली से लाहौर के बीच चलती है। यह बस सेवा दिल्ली को वाघा सीमा पारगमन चौकी के माध्यम से पाकिस्तान के लाहौर शहर से जोड़ती है। भिंडी बाजार में रहनेवाले जावेद अंसारी का कहना है कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक आए हुए हैं, लेकिन अब उनमें भगदड़ सी मची हुई है। हर कोई अपने देश लौटने के लिए बेचैन है। कोई साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण उनमें छटपटाहट मची हुई है।

 

 

अन्य समाचार