मुख्यपृष्ठविश्वआतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का भारत पर बेतुका आरोप ...अब बलूच विद्रोहियों...

आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का भारत पर बेतुका आरोप …अब बलूच विद्रोहियों के निशाने पर पाकी परमाणु बम?

पड़ोसी मुल्क में रोजाना हो रहे ९ आतंकी हमले
एजेंसी / इस्लामाबाद
पाकिस्तान के गृह राज्यमंत्री तलाल चौधरी ने कल भारत पर देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसा बेतुका आरोप लगाया। लगातार आतंकी हमलों से जूझ रहे पाकिस्तान ने इन हमलों को लेकर भारत को दोष दिया है। पाकिस्तान के गृह राज्यमंत्री तलाल चौधरी के अनुसार, देश की सुरक्षा स्थिति लगातार खराब होती जा रही है तथा देश में प्रतिदिन औसतन नौ आतंकवादी हमले हो रहे हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के हमलों ने पाकिस्तान को हिला दिया है। बलूच विद्रोहियों के निशाने पर पाकिस्तान के परमाणु हथियार हो सकते हैं। पाकिस्तान को डर है कि बलूच विद्रोहियों को बाहर से मदद मिल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान भी पाकिस्तान के खिलाफ बलूचों का सपोर्ट कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह सब पड़ोसी देशों से हो रहा है। हैंडलर वहीं हैं, ट्रेनिंग वहीं हो रही है और फंडिंग सीमा पार से हो रही है। हम इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे और अमेरिका तथा अन्य वैश्विक मंचों से मदद मांगेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने मित्र देशों को साथ लेकर चलेंगे और उनके सामने ये सभी तथ्य पेश करेंगे, ताकि वे ऐसी गतिविधियों को रोकने में भूमिका निभा सकें। १ जनवरी से १६ मार्च तक पाकिस्तान में हुए आतंकवादी हमलों में १,१४१ लोग मारे गए या घायल हुए, जिनमें से १,१२७ पीड़ित खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान से थे। उन्होंने आगे कहा कि फरवरी २०२४ से आतंकवादी घटनाओं में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में ३० फीसदी की वृद्धि हुई है, जिसमें ९५ फीसदी हमले बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में हुए हैं।
पीटीआई सरकार जिम्मेदार
मंत्री ने इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान के वर्तमान सुरक्षा हालातों के लिए पिछली सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अगर उग्रवादियों को यहां बसने की अनुमति नहीं दी गई होती तो ये हालात पैदा नहीं होते। जब लोग हथियार उठाते हैं तो इसका एकमात्र समाधान बल से जवाब देना है।’

पाकी विदेश मंत्रालय ने भी लगाया आरोप
चौधरी के अलावा पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने भी भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाया है। पाकिस्तान में हाल ही में एक अज्ञात बंदूकधारी ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी अबू कताल की हत्या कर दी थी। इसी संदर्भ में उन्होंने भारत पर दोष मढ़ा है। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने भारत के साथ-साथ अफगानिस्तान पर भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पाकिस्तान में आतंक पैâलाने के लिए हथियारों की सप्लाई अफगान तालिबान कर रहा है।

अन्य समाचार