-ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री हुए परेशान
अभिषेक कुमार पाठक
रविवार शाम को अचानक हुई जोरदार बारिश ने न केवल मुंबई मनपा बल्कि रेलवे की भी तैयारियों की कलई पूरी तरह से खोल कर रख दी। बारिश से कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे ऑफिस से घर जानेवालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश में हर बार की तरह इस बार भी रेलवे यात्रियों को अनचाहे परेशानी से गुजरना पड़ा। बारिश की वजह से प्रभादेवी रेलवे स्टेशन अंधेरे में डूबा रहा। हैरान करनेवाली बात यह रही कि देर रात तक इसे ठीक नहीं किया जा सका था, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी के कारण स्टेशन पर काफी समय तक बिजली बाधित हुई थी।
सेंट्रल और वेस्टर्न दोनों रेल सेवा प्रभावित
बारिश की वजह से सेंट्रल और वेस्टर्न दोनों रेल सेवा प्रभावित हुईं। दोनों रूटों पर ट्रेनें देरी से चल रही थीं। सेंट्रल रेलवे की स्थिति तो और भी दयनीय रही। यहां ट्रेनें आधा घंटा से लेकर पौने घंटा तक देरी से चल रही थींr, जिससे कई लोगों को अपने घर पहुंचने में देरी हुई। हालांकि, पश्चिम रेलवे प्रशासन की तरफ से यह दावा किया गया था कि सभी स्टेशनों पर सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही था। हर बार की तरह इस बार भी रेलवे के झूठे दावों की पोल खुल गई। आक्रोशित यात्रियों ने प्रशासन से बुनियादी सुविधाओं पर सवाल करते हुए तुरंत समाधान की मांग की है।
धरी की धरी रह गई तैयारी
मुंबई की दोनों वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे द्वारा हर साल बारिश के पहले मानसून के लिए काफी तैयारियां की जाती हैं। जगह-जगह पंप इंस्टॉल करना, खासकर पानी भरनेवाली जगहों पर, माइक्रो टनलिंग करना, नाली से कचरा निकालना, पेड़ों की छंटाई करना और रेलवे ट्रैक के अगल-बगल पड़े मलबे को हटाना। लेकिन इतनी तैयारियां होने के बावजूद भारी बारिश में ट्रैक पर पानी वैâसे भर जाता है, यह यक्ष प्रश्न है।
छुट्टियों का मजा हुआ किरकिरा
रविवार होने के नाते कई लोग अपने परिवार या दोस्तों के साथ छुट्टी मनाने निकले थे, लेकिन अचानक से हुई इस बारिश ने मजा किरकिरा कर दिया। रही-सही कसर रेलवे की सुविधाओं ने पूरी कर दी। लोकल सेवाएं काफी देरी से चल रही थीं, जिसके कारण यात्रियों को अपने घर पहुंचने में रोजाना से १ से १.३० घंटे ज्यादा समय लगा। इसकी वजह से उन्हें घर पहुंचने के लिए मिलने वाली लास्ट माइल कनेक्टिविटी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
परेल के पास पॉइंट फेलियर
वेस्टर्न रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि देर रात लोअर परेल के पास पॉइंट फेलियर होने के कारण लोकल सेवाओं में काफी देरी है। इस कारण लोअर परेल के आगे सभी स्टेशनों पर खड़े यात्रियों को काफी दिक्कत और देरी का सामना करना पड़ा। हालांकि, रेलवे द्वारा सुबह होने से पहले पॉइंट फेलियर की समस्या को ठीक कर लिया गया, जिसका असर सुबह के लोकल सेवाओं पर नहीं पड़ा।
…तो यात्री विरोध करना शुरू कर देंगे
मुंबईकरों को अक्सर लोकल ट्रेनों की यात्रा में लेटलतीफी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में देर रात तक यात्रियों के पास यात्रा का विकल्प काफी कम होता है। अगर रेलवे प्रशासन द्वारा ऐसे मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, तो वह दिन दूर नहीं जब यात्री विरोध करना शुरू कर देंगे। मानसून के समय हर साल ऐसे ही हालात सामने आते हैं। इस बारे में रेलवे को कुछ जरूरी उपाय करना चाहिए।
सुभाष गुप्ता, अध्यक्ष, रेल यात्री परिषद
ट्रेनों की वजह से हुई परेशानी
शनिवार की रात मुंबई में वेस्टर्न लाइन की लोकल ट्रेन सेवाओं में देर रात की देरी होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। मुंबई की लोकल ट्रेनें शहर की लाइफलाइन मानी जाती हैं और इसमें थोड़ी सी भी देरी यात्रियों के लिए बड़ी असुविधा पैदा कर देती है। बारिश की वजह से मुझे भी अपने घर पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया।
अंकित तिवारी, यात्री
रेलवे को व्यवस्था में सुधार की जरूरत
शनिवार को जो देरी हुई दरअसल वह तकनीकी समस्याओं की वजह से हुई थी। यात्रियों को सही जानकारी देने और उनकी सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन को अपने संचार और सेवा में सुधार करने की जरूरत है। देर रात ऐसी दिक्कतों से यात्रियों को बचाने के लिए वैकल्पिक परिवहन सेवाओं को उपलब्ध करना चाहिए, क्योंकि देर रात तक चाहे बुजुर्ग होें या महिला यात्री सभी को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रणाली चौगुले, यात्री