-बीजेपी का अहंकार उसे ले डूबा…जनता ने दी प्रतिक्रिया
संतोष तिवारी
लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को जिस तरह से हिंदुस्थान की जनता ने प्यार दिया है, उसे लेकर कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी, कामरूप से लेकर कल्याण, दिल्ली से लेकर दुबई और ढाका से लेकर डरबन तक सभी खुशी मना रहे हैं। लोकसभा चुनाव के परिणाम से एनडीए हिली हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘अबकी बार ४०० पार’ का नारा धराशायी हो गया। भाजपा नीत एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में जितनी बड़ी जीत के बारे में सोचा था, वह पूरी तरह से धाराशायी हो गया है।
जनता चाहती है काम की गारंटी
लोकसभा चुनाव के परिणामों से यह साफ हो गया है कि मोदी की गारंटी से जीत की गारंटी नहीं मिलती है। अब जनता काम की गारंटी चाहती है। मिडिल क्लास का आदमी लोकल मुद्दों को सुलझाने वाली पार्टी पर भरोसा कर रहा है। जनता ने इस बार इसी आधार पर वोट दिया है। भाजपा ने इस चुनाव में लोकल मुद्दों को ताक पर रख दिया जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा है।
आज्ञाराम शर्मा, समाजसेवी, मुंबई
जनता ने भाजपा को सिखाया सबक
यह चुनाव मोदी के उदारवाद और विपक्ष के पुनरुत्थान के बारे में है। इस तरह के परिणामों के लिए मुख्य कारक बेरोजगारी, अनियंत्रित मुद्रास्फीति और सबसे महत्वपूर्ण रूप से भाजपा के शीर्ष नेताओं का अहंकार है। जनता ने भाजपा को अच्छा सबक सिखाया है।
डॉ. मनिंद्र नाथ तिवारी
विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को लगेगा झटका
इस चुनाव को लेकर मीडिया ने जैसा माहौल बनाया था, वैसा कुछ भी नहीं देखने को मिला। लोकतंत्र में जनता जनार्दन होती है, उसके मन में क्या चल रहा है इसे कोई नहीं बता सकता है। जनता ने अपनी पसंद को वोट दिया है। जनता महंगाई, बेरोजगारी सहित जितने भी सामाजिक मुद्दे थे उन पर वोट दिया है। भाजपा के घमंड को चूर-चूर कर दिया है। अभी तो यह ट्रेलर है उसे विधानसभा में भी ऐसे ही रिजल्ट के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
मनोज झा, ठाणे
जनता को पीएम पर भरोसा नहीं
अबकी बार ४०० पार का नारा देने वाली भाजपा के लिए ये नतीजे किसी सबक से कम नहीं हैं। देश की जनता का विश्वास अब प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी से उठ चुका है। भ्रष्टाचार का खात्मा करने का दंभ भरने वाली भाजपा जब भ्रष्टाचारियों को पार्टी में शामिल करने लगी तो जनता के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है। महंगाई कम करने की बात करके सत्ता हथियाने वाली पार्टी को मूलभूत मुद्दों से कुछ लेना-देना है नहीं। आम जनता पिछले दस सालों से केंद्र की लूट झेल रही है अब उसे कोई विकल्प तो सोचना ही पड़ेगा।
परेश सावंत, मुंबई
प्रभु श्रीराम ने भाजपा के पाखंड की दी सजा
चार सौ पार का नारा देने वाली अहंकारी भाजपा खुद के दम पर सरकार भी नही बना सकी है। अयोध्या से भाजपा की करारी हार ने बता दिया कि प्रभु श्रीराम ने भाजपा के पाखंड की इन्हें सजा दी है। भाजपा ने कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता और अमेठी से उम्मीदवार रहे केएल शर्मा का जमकर मजाक उड़ाया। लेकिन भाजपा की स्टार नेत्री स्मृति ईरानी को शर्मा के सामने करारी पराजय का सामना करना पड़ा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार बताती है, कि लोगों में बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्या को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश चरम पर है।
कैप्टन सत्यम ठाकुर,पालघर
भाजप को दिया मुंहतोड़ जवाब
यह मुंह तोड़ जवाब जनता ने दिया है, यह लोकतंत्र की ताकत है। जो बताता है कि अगर आप जनता के हित के लिए काम नहीं करेंगे तो उखाड़ फेंके जाएंगे। यह चुनाव एनडीए सरकार बनाम जनता था आम जनता की इसमें भागीदारी रही और जब जनता ने इस बार अपना रुख अपने मतदान से बताया है। यह जो परिणाम जाहिर हुआ है, यह देशहित में है।
प्रणाली चौगुले, मुंबई
‘इंडिया’ पर जनता का भरोसा
इस बार चुनाव का परिणाम चौंकानेवाला आया है। यह चुनावी परिणाम दर्शा रहा है कि यह वोट विकास के लिए सही में काम करने वालों को दिया गया है। जनता ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर अपना भरोसा जताया है। जनता को भी पता है खोखले वादे के बजाय अगर कोई विकास कर सकता है तो वह है इंडिया गठबंधन।
आकांक्षा यादव, मुंबर्ई
अब झूठ नहीं चलेगा
इस चुनाव में खुद के नाम पर सरकार नहींr बना पाने वाली अहंकारी भाजपा का घमंड चूर-चूर हुआ है। चार सौ पार का नारा देने वाली भाजपा अकेले सरकार नहींr बना पाई। ‘जो काम का नहीं वो राम का नहीं’ के तर्ज पर जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है। इस चुनाव के नतीजे से साफ दिखाई देता है अब झूठ नहीं चलेगा। अब लोगों को काम चाहिए।
मंगला शुक्ला, मुंबई
यह लोकतंत्र की जीत
आज भारत में लोकतंत्र की जीत हुई है। देश की जनता ने दिखा दिया है कि भ्रम का झांसा ज्यादा समय नहीं चलाया जा सकता। जिस तरह से देश की जनता ने मतदान के जरिए अहंकार का गुब्बारा फोड़ा है, उसे हम वंदन करते हैं। यह विशुद्ध रूप से लोकतंत्र की जीत है।
दीप अभय काकडे, मुंबई