उमेश गुप्त / वाराणसी
सिंधी समाज ने रविवार को अपने आराध्य देव भगवान झूलेलाल की जयंती कल धूमधाम से मनाई। समाज के लोगों ने जय झूलेलाल के जयघोष के साथ जगह-जगह प्रभात फेरी निकाली व महिलाओं ने कीर्तन किया। कलाकारों ने भगवान झूलेलाल की झांकिया भी सजार्इं। रविवार को सुबह सिंधी युवा समिति द्वारा सोनिया स्थित अमर नगर कॉलोनी से प्रभात फेरी निकली। प्रभातफेरी सिंधी कॉलोनी से होते हुए लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर में पहुंच कर संपन्न हुई। इसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे शामिल थे। ये लोग भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। साथ इस्माइल परिवार द्वारा वाहन जुलूस भी नगर भ्रमण करते हुए मुख्य मंदिर पर पहुंचा। इसके उपरांत महाआरती के सामूहिक जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। जयंती के दौरान नगर की विभिन्न पंचायतों द्वारा अपने-अपने कॉलोनी व क्षेत्रों में भजन-कीर्तन के साथ भंडारे की व्यवस्था की गई थी। शाम को लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर से महाआरती के बाद बहराने की पूजा समाज की महिलाओं ने किया व पल्लव के बाद शोभायात्रा का आरंभ हुआ। शोभायात्रा में विभिन्न पंचायतों की अपने-अपने क्षेत्रों से निकल कर झाकी लक्सा पहुंची, वहीं से एकत्र होकर दशाशेमेध घाट के लिए प्रस्थान किया। इसमें प्रमुख रूप से अमर नगर पंचायत, अशोक नगर पंचायत, पांडेयपुर पंचायत, अर्दली बजार पंचायत, सिंधु नगर पंचायत, रानीपुर पंचायत, राजघाट पंचायत की झांकी शामिल रही। तामाम सामाजिक संदेशों की झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर जगह-जगह प्रसाद वितरण के स्टाल भी लगाए गए थे, साथ ही पूरे इस क्षेत्र को विद्युत झालरों से सजाया गया था। दशाश्वमेध पंचायत द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया, जिसमें दिलीप तुलस्यानी, त्रिलोकी रूपानी रहें। शोभा यात्रा का संचालन मेला कमेटी के चेयरमैन राजकुमार वाधवानी को चेयरमैन चांद पंजवानी, सुरेश वाध्या ने किया। अंत में शीतला घाट पर भव्य आरती के साथ मेला संपन्न हुआ।