बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
हरा लगाऊं या लाल लगाऊं
या बोलो तो, बसंती बन जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
प्रीत लगाऊं या प्रेम लगाऊं
या बोलो तो प्रेयसी बन जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
धूप लगाऊं या छांव लगाऊं
या बोलो तो परछाई बन जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
साथ में आऊं या दूर चली जाऊं
या बोलो तो, संग हो जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
अगन लगाऊं या लगन लगाऊं
या बोलो तो, सावन बन जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
नींद में आऊं या रात को जगाऊं
या बोलो तो, एक हो जाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं
बोल पिया तुझे, कौन सा रंग लगाऊं।
-वंदना मौर्या, इंदौर
जोगीरा सा रा रा
महंगाई की पिचकारी से
जन-जीवन खस्ता हाल
मंत्री संतरी लाल हो रहे,
मल कर भ्रष्टाचार का गुलाल।।
जोगीरा सा रा रा…
पंजा पार न कर पाया
शून्य की लक्ष्मण रेखा।
झाड़ू के ऊपर कमल खिला
दिल्ली ने सब देखा।।
जोगीरा सा रा रा…
चढ़ा के चने के झाड़ पर,
पीछे खींच ले हाथ।
पूंजीवादी देशों से मित्रता
यूक्रेनियन आत्मघात।।
जोगीरा सा रा रा…
विकास दूत लाने वाले हैं,
धन-धान्य रोजगार।
बिहार में मनायी जाने वाली है
लोकतांत्रिक त्योहार।।
जोगीरा सा रा रा…
मंदिर-मस्जिद के नाम पर
हासिल करते थे वोट।
बिहार में मदिरा के नाम पर
सरकार बनाने की लहालोट ।।
जोगीरा सा रा रा…
धो-धो कर नश्वर तन,
महा मुक्ति की आशा
मोक्ष मिले न मिले जोगी जी,
मिल गई मोनालिसा।।
जोगीरा सा रा रा…
लीक हो जाना प्रश्न पत्र का
बन चुका है नेचर।
पकौड़े तलने को दिख रहा
युवाओं का फ्यूचर।।
जोगीरा सा रा रा…
-विनोद कुमार विक्की
अपने सारे कष्ट मिटेंगे
अब की प्यारी होली में।।
खुशी उमंग हंसेंगे जमकर।
अब की प्यारी होली में।।
सारे रंग मिलेंगे सुंदर।
अब की प्यारी होली में।।
प्रेम उछलकर शिखर चढ़ेगा।
अब की प्यारी होली में।।
बच्चे बूढ़े झूम उठेंगे।
अब की प्यारी होली में।।
दौड़ेगा उत्साह जगत में।
अब की प्यारी होली में।
घोर निराशा मर जाएगी।
अब की प्यारी होली में।।
मन में लड्डू फूट पड़ेगा।
अब की प्यारी होल में।
सुबह सुबह सूरज निकलेगा।
अब की प्यारी होली में।।
मौसम भी गदरा जाएगा।
अब की प्यारी होली में।।
हरियाली को पंख लगेगा।
अब की प्यारी होली में।।
यौवन सपने में झूमेगा।
अब की प्यारी होली में।।
कवियायी बहनें नाचेंगी।
अब की प्यारी होली में।।
सड़कों पर उत्साह मिलेगा।।
अब की प्यारी होली में।।
जीवन भर का कोढ़ कटेगा।
अब की प्यारी होली में।।
हम भी रंगों में डूबेंगे।
अब की प्यारी होली में।।
सुंदरता को चांद लगेगा।
अब की प्यारी होली में।।
खुशी उछलकर नाच उठेगी।
अब की प्यारी होली में।।
डालर भी नतमस्तक होगा।
अब की प्यारी होली में।।
वैभव बरसेगा भारत में।
अब की प्यारी होली में।।
भाईचारा गले मिलेगा।
अब की प्यारी होली में।
काव्य सृजन प्रोग्राम करेगा।
अब की प्यारी होली में।
कवियों को कवियाना होगा।
अब की प्यारी होली में।
अन्वेषी भी गले मिलेंगे।
अब की प्यारी होली में।।
-अन्वेषी