मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी में विपक्ष के खिलाफ ... पुलिस और प्रशासन करते हैं षड्यंत्र!

यूपी में विपक्ष के खिलाफ … पुलिस और प्रशासन करते हैं षड्यंत्र!

संवाददाता / लखनऊ 
मंगेश यादव एनकाउंटर से लेकर बहराइच दंगे तक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को फिर से भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की पुलिस को भी बर्बाद कर दिया है। पुलिस का राजनीतिकरण कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने लगा है। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था और विकास को छोड़कर पुलिस व प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष के खिलाफ षडयंत्र करने में जुटा रहता है। देश में हिरासत के दौरान सबसे ज्यादा मृत्यु उत्तर प्रदेश में हो रही है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर उत्तर प्रदेश में हो रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि किसानों, नौजवानों का शोषण हो रहा है। यह सरकार किसानों को खाद भी नहीं उपलब्ध करा पा रही, भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं ने सहकारी समितियों पर कब्जा कर लिया है। अब खाद, बीज में किसानों से दलाली करके लूट कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप है, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में पीडीए समाज के साथ भेदभाव किया है। अब पीडीए भाजपा के खिलाफ एकजुट हो गया है तो भाजपा घबराई हुई है। प्रदेश में किसी की जान और व्यापार सुरक्षित नहीं है तो निवेश कैसे आएगा? भाजपा सरकार ने जनता को बड़े-बड़े झूठे सपने दिखाए थे। निवेश के नाम पर दिखावा किया, लेकिन आज तक कहीं भी किसी भी क्षेत्र में निवेश नहीं आ रहा है। उत्तर प्रदेश में किसी की जान और कारोबार-व्यापार सुरक्षित नहीं है तो निवेश कैसे आएगा। आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा की षड्यंत्रकारी नीतियों से त्रस्त है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर उत्तर प्रदेश में उसकी विद्वेषपरक नकारात्मक राजनीति का अंत कर देगी।

अन्य समाचार