मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिसनातन बोर्ड के लिए सिद्धिविनायक से प्रार्थना

सनातन बोर्ड के लिए सिद्धिविनायक से प्रार्थना

सामना संवाददाता / मुंबई

सुप्रसिद्ध कथावाचक श्रद्धेय शांतिदूत श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने सनातन बोर्ड के शीघ्र गठन हेतु आज सुबह श्री सिद्धि विनायक मंदिर में पूजन किया और प्रार्थना की। ठाकुरजी महाराज ने संतों-धर्माचार्यों व वैदिक विद्वानों वाले सनातन बोर्ड के गठन के लिए व्यापक अभियान चलाया है। उनका कहना है कि मंदिरों, तीर्थ स्थलों एवं धार्मिक स्थानों का संचालन सरकार की बजाए सनातन बोर्ड के माध्यम से होना चाहिए। इससे सनातन वैदिक पूजा पद्धति का पूर्णतः पालन होगा, प्रसाद में कोई मिलावट जैसी बातें नहीं होंगी और पवित्रता बनी रहेगी। देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने कहा कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति की शिक्षा देना, गुरुकुल बनाना आदि सनातन बोर्ड के माध्यम से संभव होगा। महाराजश्री ने सवाल उठाया कि जब दूसरे बोर्ड बन सकते हैं तो सनातन बोर्ड के गठन में समस्या क्या है? देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज नवी मुंबई में भागवत कथा सुनाने आए थे। वे जब मुंबई आते हैं तो सिद्धिविनायक का दर्शन अवश्य करते हैं। महाराज श्री के साथ उनके निजी प्रबंधक व विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के महासचिव विजय शर्मा, ऋषि खेडवाल व अन्य ने भी दर्शन लाभ लिया।

अन्य समाचार