मुख्यपृष्ठनए समाचारराहुल गांधी की जान को है खतरा! ...रची जा रही है बड़ी...

राहुल गांधी की जान को है खतरा! …रची जा रही है बड़ी साजिश- संजय राऊत ने जताई चिंता

सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बारे में दिल्ली से लेकर लखनऊ और महाराष्ट्र तक जिस भाषा का उपयोग करते हुए धमकियां दी जा रही हैं, उसे देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उनके खिलाफ बड़ी साजिश रची जा रही है। इस तरह का सनसनीखेज आरोप शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व सांसद संजय राऊत लगाते हुए कहा कि विदेश में राहुल गांधी पर हमले की साजिश रची जा रही है इसलिए उनकी जान को खतरा है।
मीडिया से बातचीत में सांसद संजय राऊत ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिल्ली, लखनऊ से लेकर महाराष्ट्र तक अन्य पार्टियों के कुछ नेता धमकी दे रहे हैं। राहुल गांधी को लेकर भाजपा और उसके सहयोगियों के बयान गंभीर और चिंताजनक हैं। संजय राऊत ने यह भी सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने ऐसे बयानों के खिलाफ कुछ नहीं कहा, ऐसे में क्या उनकी इन बयानों पर सहमति है।
देश में लोकतंत्र है?
संजय राऊत ने कहा कि राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को ११ लाख का इनाम दिए जाने वाले बयान दिए जा रहे हैं। ऐसी घटनाएं रूस में हो रही हैं। पुतिन ने अपने राजनीतिक विरोधियों का सफाया कर दिया है। राहुल गांधी के खिलाफ बड़ी साजिश रची जा रही है। उन पर हमला होने की संभावना है। राहुल गांधी को भी धमकी दी जा रही है कि तुम्हारा अपनी दादी और पिता जैसा हाल करेंगे। ऐसे में सवाल है कि क्या देश में लोकतंत्र है।
वे भी साजिश में तो नहीं हैं शामिल?
राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी जा रही है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे आशंका है कि कहीं वे भी तो इस साजिश में शामिल नहीं हैं। इससे राहुल गांधी की जान को खतरा है। सत्तावादी देशों में विपक्षी नेताओं को खत्म करने की राजनीति की जाती है। हमारे देश में संविधान सर्वोपरि है। साथ ही विपक्षी दल लोकतंत्र के रक्षक की भूमिका में है। संजय राऊत ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाएं गंभीर हैं।
न्याय मिलने की नहीं रह गई है आशा
संजय राऊत ने कहा कि इस रिश्तों की वजह से अब हमें न्याय की कोई उम्मीद नहीं रह गई है। उस पर केवल तारीख पर तारीख चल रही है। राज्य में संवैधानिक सरकार के सत्ता में रहते हुए केवल अगली तारीख मिल रही है। संजय राऊत ने यह भी कहा कि शायद मुख्य न्यायाधीश अपनी सेवानिवृत्ति के बाद इस पर टिप्पणी करेंगे। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि भले ही हमें कोर्ट में न्याय नहीं मिलेगा, लेकिन जनता की अदालत में हमें न्याय जरूर मिलेगा। संजय राऊत ने यह भी कहा है कि लोग अब न्यायपालिका पर भी संदेह जता रहे हैं।
सीट बंटवारे के अहम मुद्दों पर हो रही चर्चा
संजय राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में महाविकास आघाडी की बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में सीटों के बंटवारे समेत अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। अभी दो-तीन दिनों तक महाविकास आघाडी में शामिल दल चर्चा करने वाले हैं। महाराष्ट्र एक बड़ा राज्य है और बैठकें क्षेत्रवार होंगी। भाजपा कह रही है कि फडणवीस ही अगले मुख्यमंत्री हैं। भाजपा की नजर में फडणवीस ही मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए यह देखा जा रहा है कि घातियों को भाजपा ने दूर कर दिया है।
मोदी के जाल में फंसे मुख्य न्यायाधीश!
संजय राऊत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य न्यायाधीश डी. वाई चंद्रचूड़ के घर जाते हैं और गणपति की आरती करते हैं। ये कानून और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है। संविधान ऐसी घटनाओं की इजाजत नहीं देता। इस दौरे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। क्या प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता को बेवकूफ समझ रहे हैं, लेकिन जनता बेवकूफ नहीं है। मुख्य न्यायाधीश के समक्ष कई महत्वपूर्ण राजनीतिक मामले लंबित हैं। साथ ही अब प्रधानमंत्री और मुख्य न्यायाधीश के बीच मधुर संबंध जनता के सामने आ गए हैं, इसलिए उन्होंने यह भी मांग की कि मुख्य न्यायाधीश को इन मामलों से दूर रहना चाहिए। ऐसा भी देखा जा रहा है कि मुख्य न्यायाधीश प्रधानमंत्री मोदी के जाल में फंस गए हैं।

अन्य समाचार