मुख्यपृष्ठनए समाचारआज महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा... कांग्रेस ने...

आज महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा… कांग्रेस ने की मेगा तैयारी

-समीक्षा बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने बताई समापन सभा की योजना

सामना संवाददाता / मुंबई

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ १२ मार्च को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। यह यात्रा नंदूरबार से महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी और १७ मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। न्याय यात्रा की समापन सभा मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क मैदान में होगी। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस सभा में इंडिया आघाड़ी के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। इस सभा के जरिए लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया जाएगा।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी के लिए प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला की मौजूदगी और प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक के बाद पटोले मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की नंदूरबार से मुंबई तक की यात्रा के लिए संबंधित क्षेत्रों के नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं। यात्रा की समापन सभा को शिवाजी पार्क मैदान में आयोजित करने की अनुमति मांगी गई है। हमें उम्मीद है कि शिवाजी पार्क मिलेगा और सरकार इस पर कोई राजनीति नहीं करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षी शाहू महाराज, महात्मा फुले, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों की भूमि पर हो रहा है। लेकिन केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार इन महापुरुषों के विचारों को खत्म करने का काम कर रही है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान को नष्ट करने पर तुली हुई है, लेकिन हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
पटोले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अब कोई सक्षम उम्मीदवार नहीं है, इसलिए वे दूसरे दलों से नेताओं को चुराकर ला रहे हैं। भाजपा के दो कार्यकर्ताओं ने ईडी और सीबीआई के माध्यम से इसके लिए काम करना भी शुरू कर दिया है। भाजपा अब मोदी परिवार बन गई है और उन्हें अब जीतने का विश्वास नहीं है। इस बार के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को टिकट मिलेगा या नहीं। इसमें संदेह है। गडकरी एक राष्ट्रीय नेता हैं और उनका नाम भाजपा की पहली सूची में होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पटोले ने कहा कि कांग्रेस के पास नागपुर के लिए भी सक्षम उम्मीदवार है और इस साल वे विजयी पताका फहराएंगे और सांगली सीट पर भी कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। गुरुवार की बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़, गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, पूर्व मंत्री डॉ. नितिन राऊत, सुनील केदार, असलम शेख, अमित देशमुख, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शिवाजीराव मोघे, सांसद चंद्रकांत हंडोरे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, एआईसीसी सचिव आशीष दुआ, बी.एम. संदीप, विधायक प्रणीति शिंदे, कोषाध्यक्ष डॉ. अमरजीत सिंह मनहास, भाई जगताप, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन नाना गावंडे एवं अन्य उपस्थित थे।

अन्य समाचार