मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर ‘रार' ... मोदी चाहते हैं...

भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर ‘रार’ … मोदी चाहते हैं कोई उनका करीबी नेता बने

– संघ से सीधा ताल्लुक रखने वाले के नाम से परहेज

रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
भाजपा के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर शीर्ष नेताओं में आम सहमति नहीं बन पा रही है। संगठन से एकाध नाम सुझाए गए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने खारिज कर दिए। सूत्र बताते हैं दोनों चाहते हैं कि उनका कोई करीबी नेता ही बने अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष। फिलहाल अध्यक्ष पद के नाम को लेकर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में रोजाना मैराथन बैठकें जारी हैं।
वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बीते ३० जून को समाप्त हो चुका है। वह अब केंद्र सरकार में मंत्री हैं इसलिए उनके पास दोहरा दायित्व है। सूत्र बताते हैं कि नए अध्यक्ष पद का नाम भी ऐसा सामने निकल कर आएगा, जो सभी को चकित करेगा।
बता दें, १५ जुलाई से भाजपा का संगठन चुनाव और सदस्यता अभियान छेड़ा जाएगा। इन दोनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर जिले के मंडल अध्यक्षों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं, अगले ४ महीनों में महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा का केंद्रीय संसदीय बोर्ड अपने अध्यक्ष का चुनाव कर लेना चाहता है। नए अध्यक्ष पद के लिए विनोद तावड़े, विनोद बंसल, के लक्ष्मण, देवेंद्र फडणवीस व ओम माथुर जैसे नामों की चर्चाएं हैं। पर, मोदी-शाह नहीं चाहते संघ का कोई करीबी नेता अध्यक्ष बने। मोदी पार्टी की कमान अप्रत्यक्ष रूप से अपने पास ही चाहते हैं। मोदी-शाह अच्छे से जानते हैं कि लोकसभा चुनाव में मनमाफिक जीत नहीं मिलने से हालात बहुत बदल चुके हैं।

अन्य समाचार