अनिल मिश्रा / बदलापुर
बजट वर्ष 2024-2025 के अंतिम माह पर बदलापुर नपा प्रशासन की तरफ से हाउस टैक्स वसूली युद्ध स्तर पर शुरू है। बदलापुर में बिना किसी छूट, अभय योजना को लगाए शून्य टैक्स बकाया वसूली को सामने रखते हुए मुख्याधिकारी मारुति गायकवाड स्वयं टीम कैप्टन की तरह से वसूली में लगे हैं। पांच टीम बना कर उसके मार्फत 500 ऐसे लोग, जिन पर 50 हजार रुपए टैक्स बकाया है। ऐसे लोगों की संपत्ति का बकाया भरो या फिर जप्ती के लिए तैयार रहने की चेतावनी देते हुए वसूली अभियान शुरू किया गया है। अब तो बकायादारों का चौक पर बैनर लगाया जा रहा है।
बदलापुर के हाउस टैक्स विभाग के अधीक्षक जितेंद्र गोमास ने बताया कि 45 लोगों के साथ हाउस टैक्स वसूली अभियान को शुरू किया गया है। बदलापुर में कुल एक लाख 38 हजार रुपए 280 टैक्स धारक हैं। उसमें एक लाख, 23 हजार 273 निवासी, 14 हजार 365 व्यापारिक तो 642 औधोगिक टैक्स धारक हैं। वर्ष 2024-2025 के बजट में मार्च 2025 के पूर्व तक 81 करोड़ 84 लाख रुपए बकाया है। मुख्याधिकारी मारुति गायकवाड के मार्गदर्शन में मार्च, 2025 से वसूली की शुरुआत की गई है। पांच टीमें, जिसमें 45 लोगों को शामिल कर वसूली की शुरुआत की गई। जिन लोगों ने टैक्स नहीं भरे, ऐसे 52 लोगों के खिलाफ जप्ती की कार्रवाई की गई। इतना ही नहीं शहर के मुख्य चौक, इमारत के मुख्य द्वार पर बैनर लगाए गये हैं, जिसमें 145 बकायादारों का नाम लिखा गया है। जिनसे एक करोड़ 86 लाख रुपए वसूली करना है। अब देखना है कि लगाए गए बैनर का 31 मार्च 2025 तक कितना प्रभाव पड़ता है। वैसे शून्य टैक्स बकाया का टार्गेट है। अब तक कुल करीबन 61 करोड़ रुपए तक वसूली हो गई है, जिसे अब तक की वसूली का रिकॉर्ड माना जा रहा है।