सामना संवाददाता / बलरामपुर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात तो ये है कि आरोपी ने लाश का एक हाथ और प्राइवेट पार्ट काट लिया और गांव में घूमता रहा। मृतक के परिजनों को धमकाते हुए हत्यारे ने कहा कि इसका अंतिम संस्कार कर दो। घर वालों ने भी डर के मारे शव को दफना दिया, लेकिन जैसे ही मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाया। मृतक का नाम विनोद बिरजिया था। हत्या का आरोप मगधु महुआ पर लगा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ३५ साल का विनोद मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं होते तो वो लोगों के घर से फावड़ा, कुल्हाड़ी सहित अन्य छोटा सामान चोरी कर बेच देता था। इससे लोग परेशान रहते थे। इस बीच विनोद बिरजिया ने मगधु के घर में भी चोरी कर ली। इससे मगधु उससे नाराज था। सोमवार को मगधु ने विनोद की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। लाश के एक हाथ और प्राइवेट पार्ट को एक झोले में डालकर वो गांव में घूमता रहा। कुछ लोगों ने मगधु को ऐसा करता देख लिया था। उन्होंने विनोद के घरवालों को इसकी सूचना दी। विनोद के घरवाले जैसे ही उसकी लाश लेकर घर पहुंचे तो मगधु ने उन्हें डराते-धमकाते हुए कहा कि इसका अंतिम संस्कार कर दो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। घरवाले डर गए। उन्होंने वैसा ही किया, जैसा मगधु ने कहा। विनोद के शव को दफना दिया गया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा तो एसडीएम के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकालकर उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। मामले की जांच जारी है और आरोपी मगधु फरार है।