मुख्यपृष्ठनए समाचारयात्रियों की जेब पर डाका! ...टैक्सीवाले वसूल रहे मनमाना किराया

यात्रियों की जेब पर डाका! …टैक्सीवाले वसूल रहे मनमाना किराया

सामना संवाददाता / मुंबई
मायानगरी मुंबई में टैक्सी से यात्रा करना अब आम नागरिक की जेब पर भारी पड़ रहा है। चर्चगेट स्टेशन से सीएसएमटी जैसी छोटी दूरी तय करने के लिए टैक्सी चालक ८० से १०० रुपए तक की मांग कर रहे हैं, जबकि ३ किलोमीटर से भी कम दूरी है। इस दौरान टैक्सी वाले मीटर का इस्तेमाल ही नहीं करते। यात्रियों की शिकायत है कि अधिकांश टैक्सी चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं, जिससे शहर में सफर करना मुश्किल हो गया है।
चर्चगेट से लेकर सीएसएमटी जैसी सामान्य दूरी के लिए अधिक किराया मांगना यात्रियों को परेशान कर रहा है। टैक्सी चालकों ने न केवल किराए में मनमानी शुरू कर दी है, बल्कि कई बार तो राइड लेने से भी मना कर देते हैं। उदाहरण के तौर पर सीएसएमटी से मंत्रालय की ओर जाने के लिए कई टैक्सी चालक सीधे इनकार कर देते हैं, जिससे यात्री निराशा और असुविधा महसूस करते हैं। आमतौर पर गेटवे ऑफ इंडिया जैसी लोकप्रिय जगहों तक जाने के लिए शेयरिंग टैक्सियों का विकल्प उपलब्ध होता है, जहां प्रति सीट किराया २०-३० रुपए लिया जाता है।
टैक्सी चालकों की मनमानी
यात्रियों का कहना है कि मुंबई की टैक्सी सेवाएं अब उनकी सुविधा के बजाय टैक्सी चालकों की मर्जी पर निर्भर हो गई हैं। वे मीटर का इस्तेमाल नहीं करते और निकटवर्ती यात्राओं के लिए अधिक पैसा वसूलते हैं, जिससे उनका सफर महंगा और असुविधाजनक बन जाता है। खासकर, रोजाना यात्रा करने वाले छात्रों, कामकाजी लोगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है। प्रशासन से इस स्थिति में सुधार की मांग उठ रही है। यात्रियों का कहना है कि अगर जल्द ही कड़े कदम नहीं उठाए गए तो टैक्सी सेवा में और अव्यवस्था बढ़ सकती है। चर्चगेट से फोर्ट जाने के लिए टैक्सी का इंतजार करते हुए यात्री मेहुल राज ने बताया कि पिछले २० मिनट से सिर्फ टैक्सी का रिफ्यूजल मिल रहा है। जो टैक्सी वाले राजीr भी हो रहे हैं, वे मनमानी किराए बता रहे हैं। जो कि मीटर से ३ गुना ज्यादा हो रहा है। यह दिक्कत रोज झेलनी पड़ रही है।

अन्य समाचार