मुख्यपृष्ठनए समाचारटाटा एयर बस की गुजरात में सेफ लैंडिंग! ...मोदी ने महाराष्ट्र के...

टाटा एयर बस की गुजरात में सेफ लैंडिंग! …मोदी ने महाराष्ट्र के घावों पर फिर छिड़का नमक

भाजपा पर कांग्रेस का तीखा प्रहार
सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा लगातार मुंबई और महाराष्ट्र के साथ अन्याय कर रही है। मोदी-शाह महाराष्ट्र की प्रगति में बड़े बाधक हैं। राज्य में शिंदे, फडणवीस और अजीत पवार का नेतृत्व अप्रभावी रहा है। यही कारण है कि राज्य की बड़ी परियोजनाओं को गुजरात की ओर मोड़ा जा रहा है। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में टाटा एयरबस परियोजना की गुजरात में सेफ लैंडिंग करके महाराष्ट्र के घावों पर नमक छिड़का है। इस तरह का तीखा प्रहार करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने चेतावनी दी है कि महाराष्ट्र में परियोजनाएं और नौकरियां छीनने वाली भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में जनता ही सबक सिखाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में टाटा एयरबस परियोजना का उद्घाटन किया। इस पर नाना पटोले ने कहा कि टाटा एयरबस परियोजना से महाराष्ट्र में २२ हजार करोड़ रुपए का निवेश होता। इसके साथ ही यह परियोजना राज्य में १० हजार नौकरियां पैदा करती, लेकिन इस परियोजना को महाराष्ट्र में शुरू ही नहीं होने दिया गया। भाजपा की केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के महाराष्ट्र विरोधी रुख के कारण इस बड़े प्रोजेक्ट को जल्दबाजी में गुजरात ले जाया गया। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कहते रहते हैं कि महाराष्ट्र के उद्योग गुजरात नहीं भेजे हैं। फडणवीस को अपनी आंखें खोलनी चाहिए।

अन्य समाचार