– पुलिस ने सैकड़ों शिवसैनिकों को हिरासत में लिया
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता और युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे के मार्गदर्शन में मुंबई के विभिन्न हिस्सों में पिछले डेढ़ महीने से हो रहे कम और गंदे पानी की आपूर्ति के विरोध में शिवसेना ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कल मुंबई महानगरपालिका के दादर, माटुंगा और गिरगांव के जी-उत्तर, एफ-उत्तर और सी वॉर्ड कार्यालयों पर हंडा मोर्चा निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
मंगलवार को ‘जब तक पानी नहीं मिलेगा, यह संघर्ष नहीं रुकेगा’, ‘मुंबईकरों के पानी के लिए लड़ेंगे, प्रशासन से पानी का जवाब मांगेंगे’, ऐसे नारे लगाते हुए शिवसैनिकों का मोर्चा आगे बढ़ा। हालांकि, पुलिस ने इस मोर्चे को अनुमति नहीं दी थी, उसके बाद भी जल संकट के खिलाफ शिवसैनिकों ने जोरदार मोर्चा निकला। पुलिस ने इस मोर्चे को गलत बताते हुए सैकड़ों शिवसैनिकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान विभागप्रमुखों ने मुंबईकरों की मांगों का निवेदन वॉर्ड ऑफिसर को सौंपते हुए जनता की समस्याएं मनपा के सामने रखीं और जल्द से जल्द न्याय देने की मांग की।
बता दें कि एक तरफ जहां भीषण गर्मी से पूरा महाराष्ट्र झुलस रहा है और इसका असर मुंबई पर भी पड़ रहा है। वहीं मनपा की ओर से कम और गंदे पानी की आपूर्ति के चलते मुंबईवासी परेशान हैं और उनका गुस्सा अब फूटने लगा है। इसी असंतोष के चलते शिवसेना ने कल तीन वॉर्डों पर मोर्चा निकाला, लेकिन पुलिस ने मोर्चा रोकते हुए कई शिवसैनिकों को हिरासत में ले लिया।
शिवसेना भवन के बाहर से गिरफ्तारी
विधानसभा सदस्य महेश सावंत के नेतृत्व में शिवसेना भवन से जी-उत्तर कार्यालय की ओर मोर्चा निकाला गया। बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित थे। मोर्चे की शुरुआत होते ही पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया और शिवसेना भवन के बाहर से ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान मिलिंद वैद्य, साईनाथ दुर्गे, श्रद्धा जाधव, शशि पडते, यशवंत विचले, अभय तोमोरे, सिद्धार्थ जाधव, वैâलाश पाटील, आरती किनारे समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
माटुंगा में धरना आंदोलन
विभागप्रमुख प्रमोद शिंदे के नेतृत्व में माटुंगा स्थित एफ-उत्तर कार्यालय पर वडाला के सुंदरविहार, विजयनगर और अंटॉप हिल क्षेत्र की पानी की समस्या को लेकर मोर्चा निकाला गया। नारेबाजी करते हुए महानगरपालिका कार्यालय की ओर बढ़ रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने वहीं हिरासत में ले लिया। महिला शाखा की कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
गिरगांव में भी मनपा से किया सवाल
शिवसेना दक्षिण मुंबई विभाग क्रमांक १२ की ओर से विभागप्रमुख संतोष शिंदे के नेतृत्व में मुंबई महानगरपालिका के सी वॉर्ड कार्यालय पर मोर्चा निकाला गया। विभाग में गंदे पानी, कम दबाव से पानी की आपूर्ति, साथ ही पिछले छह महीनों से खोदकर छोड़े गए अधूरे सड़क काम और कचरे पर लगाया गया टैक्स, इन सभी मुद्दों के विरोध में आंदोलन कर मनपा से जवाब मांगा गया।
शिवसैनिकों का पुलिस से सीधा सवाल
जय भवानी, जय शिवाजी, शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की जय जैसे नारों के साथ आगे बढ़ रहे शिवसेना पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान शिवसैनिकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। शिवसैनिकों ने पूछा कि हमें क्यों रोका जा रहा है? हमारे इलाके में गंदे पानी की समस्या है। क्या आप हमें हमारे हक का पानी देने वाले हैं? ऐसा सीधा सवाल जब शिवसैनिकों ने पुलिस से पूछा तो पुलिस भी निरुत्तर हो गई।