मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र हित के लिए खड़ी है शिवसेना! ...हमारे खिलाफ खड़े हैं दिल्ली...

महाराष्ट्र हित के लिए खड़ी है शिवसेना! …हमारे खिलाफ खड़े हैं दिल्ली में चाकरी करनेवाले लोग …संजय राऊत का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना पार्टी महाराष्ट्र के हित के लिए खड़ी है। चुनाव में हम नहीं, बल्कि महाराष्ट्र खड़ा है। हमारे खिलाफ जो खड़े हैं, वे दिल्ली की चाकरी करनेवाले लोग हैं। उन्हें महाराष्ट्र के हित से कोई लेना-देना नहीं है। वास्तव में इस समय महाराष्ट्र को एक होना चाहिए, तभी दिल्ली के सुल्तानी संकट को हम रोक सकते हैं, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि कई लोगों को दिल्लीश्वरों ने खरीदकर चुनाव में खड़ा कर दिया है। इस तरह का जोरदार हमला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व सांसद संजय राऊत ने किया है।
मीडिया से गुरुवार को बातचीत में संजय राऊत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए महाविकास आघाड़ी में अभी ८५-८५-८५ का फॉमूर्ला तय हुआ है। कुछ सीटों पर मित्र दलों के साथ चर्चाएं चल रही हैं। आखिरी क्षणों तक आपस में सीटों की अदला-बदली हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव में लड़ाई लड़नी पड़ती है। महाराष्ट्र में यह चुनाव एक युद्ध जैसा लड़ा जाएगा। कल तक जो गर्जना कर रहे थे कि महाराष्ट्र में मोदी, शाह को पैर नहीं रखने देंगे। वे कहीं अप्रत्यक्ष तौर पर उन्हें महाराष्ट्र को निगलने में मदद तो नहीं कर रहे हैं। यह राज्य की जनता ध्यानपूर्वक देखेगी। संजय राऊत ने कहा कि शिवसेना ऐसी पार्टी है, जिसने कभी भी महाराष्ट्रद्रोहियों से हाथ नहीं मिलाया। शिवसेना ने सीधे सीने पर वार झेला, लड़ते रही और आगे भी लड़ती रहेगी। इस लड़ाई में जो हमारे साथ आएगा, वो महाराष्ट्र का और जो हमारे साथ नहीं आएगा, वह महाराष्ट्र के शत्रुओं को निर्णायक क्षण में मदद कर रहा था, यह राज्य के इतिहास में दर्ज होगा।
हर एक के पास होती है
अपनी-अपनी ताकत
कांग्रेस-शिवसेना के बीच टकराव की बात को खारिज करते हुए कहा कि महायुति के तीनों घटक दल हर दिन सागर बंगले पर क्या खाने बैठते हैं? इस तरह का तीखा सवाल संजय राऊत ने किया। उन्होंने कहा कि जब आघाड़ी-युति में तीन प्रमुख दल होते हैं, तो हर एक के पास हर जगह अपनी-अपनी ताकत होती है। वह सीट पाने के लिए अंत तक अपनी भूमिका रखते रहते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि अत्यधिक मतभेद हैं। साथ ही कुछ जगहों पर सिर्फ सीटें ही आपस में बदली जा सकती हैं। संजय राऊत ने यह भी कहा कि मुझे नहीं लगता कि इससे ज्यादा कुछ होगा।
हम महाराष्ट्र में जीतेंगे १७५ सीटें
कई जगहों पर नामांकन भरना शुरू हो गया है, इसमें बहुत ज्यादा भ्रम पैदा करना सही नहीं है। अंतिम समय में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों की अदला-बदली भी की जा सकती है। संजय राऊत ने कहा कि हम महाराष्ट्र में १७५ सीटें जीतेंगे। साथ ही हम ८५ पर पहुंच गए हैं और अभी २५ ओवर और खेलना बाकी है। उन्होंने एक सुझावात्मक बयान भी दिया कि अगर वे दो छक्के और एक चौका लगाएंगे तो उनकी सेंच्यूरी हो जाएगी।

अन्य समाचार