उमेश गुप्ता / वाराणसी
देश भर में रामनवमी की धूम देखने को मिल रही है। जगह-जगह लोग भगवान राम की पूजा कर रामनवमी का त्योहार मना रहे और खुशियों के लिए कामना कर रहे हैं। इसी बीच रामनवमी पर काशी के राम रमापति बैंक का वार्षिकोत्सव धूम-धाम और भव्यता से मनाया गया।
काशी का कण-कण शंकर है और जहां शिव हैं, वहीं राम हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम से चंद मीटर की दूरी पर उनके आराध्य के नाम से बैंक भी है। त्रिपुरा भैरवी गली स्थित इस बैंक में पैसे नहीं बल्कि, राम नाम जमा होता है। प्रत्येक वर्ष रामनवमी को इस बैंक का वार्षिकोत्सव मनाया जाता है। यहां की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां पैसे का कोई मोल नहीं होता, केवल राम नाम की संपत्ति जमा होती है और राम नाम का ही कर्ज दिया जाता है। 98 वर्ष प्राचीन राम रमापति बैंक में अब तक 19 अरब से ज्यादा की संपत्ति जमा हो चुकी है।
रविवार को रामनवमी के अवसर पर इस बैंक में भक्तों का तांता लगा रहा। रामलला की आरती कर उन्हें नए वस्त्र आदि पहनाए गए। इसके बाद वहां उपस्थित महिलाओं ने सोहर गाए। बैंक के मेनेजर सुमित मल्होत्रा ने बताया कि वार्षिकोत्सव कार्यक्रम 10 दिनों तक चलेगा। यह वार्षिकोत्सव रामनवमी के दिन 6 अप्रैल से शुरू होकर 15 अप्रैल तक चलेगा। इस वार्षिकउत्सव में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को आयोजित किया जाएगा। पहले दिन रविवार को प्रातः काल भगवान की मंगला आरती हुई, फिर दोपहर में भगवान का जन्म भक्तों के बीच हुआ। इस बीच भक्तों की भारी भीड़ भगवान राम का आशीर्वाद पाने के लिए उमड़ पड़ी।
इस पावन अवसर पर भक्तों ने कुल 19 अरब 49 करोड़ 59 लाख 25 हजार श्रीराम नाम की परिक्रमा संपन्न की, जिससे पूरा वातावरण राममय हो उठा। वही इस मौके पर, नए कर्जों का वितरण जिसमें जाप, पाठ और वितरण हैं, जो बिना मूर्त के साल में एक बार सिर्फ रामनवमी वाले दिन दिया जाता हैं, वो निरंतर चालू हैं, जो रात्रि 8 बजे तक दिया जाएगा। वहीँ रामरमापति बैंक के मैनेजर ने यह भी बताया कि कोई भी जाति धर्म का व्यक्ति बिना भेदभाव के इस बैंक में जुड़ सकता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में श्री रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के विचारों, उनके द्वारा सामाजिक जीवन में
किए गये कार्यों को जन मानस तक पहुंचाने, उसे अपनाने के लिये समस्त हिंदू समाज को प्रयास करना चाहिए। राम राज्य की स्थापना बिना उनके सिद्धांतों को अपनाए नहीं हो सकती। इसलिए स्वयं हिंदू समाज के सजग प्रहरी को अपने घर से निकलकर लोगों को जागृत करता होगा। इसी क्रम में अन्तर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन दशमी सुंदरपुर से किया गया जो सरायनंदन, खोजवां, नवाबगंज, कुबीर नगर, दुर्गाकुंड होते हुए श्री राम मंदिर गुरुधाम पर संपन्न हुआ। भव्य शोभायात्रा में प्रभु श्री राम, भरत लक्ष्मण, शत्रुघन, माता सीता, श्री हनुमान जी, भोलेनाथ, पार्वती जी के साथ रथ और घोड़े पर विराजमान होकर निकले। यात्रा में प्रभु श्री राम सहित सभी स्वरूपों की आरती श्री धनन्जय सिंह जी क्षेत्रीय महामंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने किया। ओम प्रकाश कश्यप यात्रा में प्रमुख रूप से तरूण शुक्ला प्रान्त महामंत्री अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद अर्जुन कुमार मौर्य राष्ट्र बजरंग दल प्रांत महामंत्री, हरिनाथ सिंह, श्रवण कुमार मौर्य, शैलेंद्र कुमार सिंह नवरतन कुमार, भरत यादव, राजेश गुप्ता, प्रफुल्ल शुक्ला, अरविंद शर्मा, करन जयसवाल, प्रदीप चौरसिया, अजय मौर्य, रोहित कुमार, अंकित सेठ, दीपक विश्वकर्मा, आर्यन विश्वकर्मा, आयुष यादव, अशोक सिंह, विनोद यादव आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जनमानस सम्मिलित रहे।