सामना संवाददाता / मुंबई
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सुप्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी गणपत कोठारी ने अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मुंबई उपनगर के मुलुंड स्थित नवघर पुलिस स्टेशन में महिला पुलिसकर्मियों के बीच मनाया। दानवीर भामाशाह एवं तमाम व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े सुप्रसिद्ध उद्योगपति गणपत कोठारी ने इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से महिला सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के लिए किए जा रहे जिम्मेदारी-पूर्वक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आकर्षक उपहार भी प्रदान किए। अपने संबोधन में गणपत कोठारी ने कहा कि महिलाओं के लिए नामुमकिन कुछ भी नहीं है। आवश्यकता है तो बस एक कदम आगे बढ़ाने की, जिसका उदाहरण पुलिस महकमें से जुड़ी महिलाएं हैं, प्रत्येक महिला पुलिसकर्मी अन्य महिलाओं को सक्षम बनाने की प्रेरणा का प्रण लें। गणपत कोठारी ने कहा कि अब महिलाएं स्वावलंबी हो गयी है, उन्हें भी परिवार की जिम्मेदारी के लिए पुरुषों के साथ ही मिलकर कार्य करना होगा, ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा और अच्छा जीवन दे सकें। आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में प्रमुख भूमिका निभा रही है जो कि महिला सशक्तिरण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नारी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि शक्ति, त्याग और ममता का प्रतीक है। उसके बिना समाज का अस्तित्व अधूरा है। हर सफल व्यक्ति के पीछे किसी न किसी नारी का योगदान होता है। चाहे वह मां, बहन, पत्नी, या बेटी के रूप में हो, नारी अपने कर्तव्यों को निस्वार्थ भाव से निभाकर समाज और परिवार को सशक्त बनाती है। कोठारी ने यह भी कहा कि नारी शक्ति का स्वरूप है। नारी का अपमान करने पर जीवन में सफलता नहीं कर सकते, सम्मान करने पर ही व्यक्ति सफलता प्राप्त कर सकता है। कोठारी ने कहा कि स्त्री केवल सृष्टि की रचयिता ही नहीं है, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभा रही है। वह शक्ति, ममता और त्याग का ऐसा स्वरूप है, जो मानवता को दिशा प्रदान करती है। नारी ने अपनी दोहरी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए यह साबित कर रही है कि वह किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है। वह सशक्त समाज की नींव है। गणपत कोठारी ने कहा कि बेटी-बहन-बहू-मां-परिवार की देखभाल कर राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाली मातृशक्ति का आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं त्रिवार अभिनंदन करता हूं। इस अवसर पर गणपत कोठारी का वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुरेश मदने समेत सभी पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा भव्य सत्कार किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुरेश मदने, पुलिस निरीक्षक मनोज सिंह चौहान, महिला फौजदार रूपाली सकपाल, महिला फौजदार धनश्री कदम, मील स्पेशल संदीप पाटील, मील स्पेशल शिवराम शिंदे, पुलिस प्रशासन मदतनीस शैलेश पाटील समेत नवघर पुलिस स्टेशन की सभी महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।