मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई, ठाणे में ईरानी, नाइजीरियाई गिरोहों का आतंक! ...सदन में विपक्ष ने...

मुंबई, ठाणे में ईरानी, नाइजीरियाई गिरोहों का आतंक! …सदन में विपक्ष ने उठाए सवाल, मकोका के तहत कार्रवाई करेगी सरकार?

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई और ठाणे में ईरानी और नाइजीरियाई गैंग का आतंक बढ़ गया है। इन गिरोहों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस पर भी हमले कर रहे हैं। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे, सदस्य एड. अनिल परब और प्रवीण दरेकर ने सरकार से इन गिरोहों के ठिकाने ध्वस्त करने और बाहरी राज्यों के अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। इस पर गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने आश्वासन दिया कि ईरानी और नाइजीरियाई गिरोहों और उनकी बस्तियों को ध्वस्त किया जाएगा। इन अपराधियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी मकोका के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष पहले से ही सरकार पर हमलावर था, लेकिन अब सत्ताधारी दलों के विधायकों ने भी इस मुद्दे को उठाना शुरू कर दिया है। प्रवीण दरेकर ने सवाल उठाते हुए कहा कि ठाणे जिले के कल्याण-कसारा मार्ग पर स्थित आंबिवली इलाके में करीब २,००० लोगों की ईरानी बस्ती है। यहां की गैंग पुलिस पर जानलेवा हमले कर रही है। उन्होंने कहा कि ये अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि पुलिस पर ही हमला कर देते हैं। गैंग की महिलाएं भी पुलिस के खिलाफ आक्रामक होती हैं और अपराधियों को भागने में मदद करती हैं। वर्ष २०१८ से अब तक इस इलाके में पुलिस पर पांच बड़े हमले हो चुके हैं, लेकिन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लंबित है।
अड्डों को करें नष्ट
मुंबई और ठाणे में ईरानी गिरोहों के अलावा नाइजीरियाई बस्तियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। ये लोग ऊंचे किराए पर जगह लेकर वहां से ड्रग्स का कारोबार चला रहे हैं। मीरा रोड इलाके में बड़ी संख्या में नाइजीरियाई लोग रह रहे हैं, जो इस अवैध धंधे में लिप्त हैं। एड. अनिल परब ने कहा कि अगर इनका धंधा समय रहते नहीं रोका गया तो भविष्य में स्थिति और खराब होगी। उन्होंने मांग की कि पुलिस को आधुनिक हथियारों से लैस किया जाए और इन अपराधियों के अड्डों को गैंगस्टर के ठिकानों की तरह ध्वस्त किया जाए।

 

अन्य समाचार