सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के बार-बार हो रहे अपमान को लेकर नाराजगी जताते हुए सत्ताधारियों पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि मैं कई बार इस बारे में बोल चुका हूं, लेकिन अभी तक कोई कानून नहीं बना। कानून बनाने के लिए बजट की जरूरत नहीं होती।
उदयनराजे ने कहा कि मुख्यमंत्री को सुनना चाहिए, पर उन्हें समझना भी तो चाहिए। अगर ऐसा अपमान हो रहा है तो सरकार के सभी लोगों को पता होना चाहिए। कौन है जो अपमान और दंगों को बढ़ावा दे रहा है? हम सत्ताधारी पक्ष में हैं, लेकिन कितनी बार कहें? एक बार बता दो, फिर उन्हें समझ जाना चाहिए। क्या ये सभी दूध पीते बच्चें हैं?
उदयनराजे भोसले ने कहा कि शिवाजी महाराज ने सभी धर्मों के प्रति समान भाव रखने का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों को एकजुट किया और लोकतंत्र की नींव रखी। हमने कभी भगवान को नहीं देखा, लेकिन शिवराय के रूप में हमें देवता दिखाई दिए। क्या हम शिवराय और छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान सहन करेंगे? जिन महापुरुषों ने देश को गौरव दिया, उनके अपमान पर सख्त कानून बनना चाहिए। जो भी शिवराय का अपमान करे, उसे १० साल की सजा मिलनी चाहिए।
शिवराय का लगातार हो रहा अपमान
जनता सही जगह दिखा देगी
उदयनराजे ने कहा कि अगर विधानसभा में बैठकर कानून नहीं बनाया गया तो इसका मतलब है कि वे चाहते हैं कि शिवाजी महाराज का अपमान होता रहे। अगर ऐसा है तो जनता उन्हें सही जगह दिखा देगी। क्या उन्हें यह अपमान दिखाई नहीं देता? इस तरह का सवाल भी उन्होंने पूछा।