मुख्यपृष्ठअपराधमुंबई में कानून-व्यवस्था का खौफ खत्म...दिनदहाड़े विनयभंग!

मुंबई में कानून-व्यवस्था का खौफ खत्म…दिनदहाड़े विनयभंग!

-अर्धनग्न भिखारी ने महिला के शरीर को गलत जगह छुआ

– महिला ने तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

– दो दिन पहले बेस्ट बस में हुई थी ऐसी घटना

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई की सड़कों, बेस्ट बसों और ऑटोरिक्शा में महिलाओं का सफर करना दुश्वार हो गया है। अपनी सुरक्षा को लेकर वे काफी घबराई हुई हैं। पुलिस की लापरवाही और ढिलाई की वजह से अपराधी और मनचलों में मानो कानून का डर खत्म हो गया है। शरारती किस्म के लोग बेखौफ होकर दिनदहाड़े सरेराह महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। उनके साथ हो रही घिनौनी हरकतों की वजह से उन्हें आए दिन शर्मसार होना पड़ रहा है और पुलिस है कि हाथ पर हाथ धरे बैठी है। हद तो तब हो गई, जब बांद्रा जैसे पॉश इलाके में ऑटो में बैठी युवती के साथ घृणास्पद हरकत की गई। युवती को लज्जित कर देनेवाली करतूत से इलाके में हड़कंप मच गया। एक अर्धनग्न व्यक्ति बेधड़क ऑटोरिक्शा के पास पहुंचता है और युवती की जांघों पर हाथ फेरने लगता है। इतना ही नहीं, युवती के गुप्त अंगों को भी छूने लगता है। बांद्रा जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुई इस तरह की घटना से युवती डर कर ऑटोरिक्शा में ही दुबक कर खुद को बचाने की कोशिश करने लगी और शोर मचाने लगी। पीड़िता ने एक्स पर आरोपी का वीडियो पोस्ट कर महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता जताई। युवती ने अपनी पोस्ट में बताया है कि शनिवार शाम वह रिक्शा में सवार होकर अपने घर की तरफ जा रही थी, तभी शाम ७ बजे ऑटोरिक्शा बांद्रा स्थित सिग्नल पर रुका, उसी वक्त एक व्यक्ति बिना शर्ट आया और उसकी जांघों को सहलाने लगा। इसके अलावा वह उसके अन्य अंगों को भी छूने लगा।
ये इंडिया है…
पीड़िता ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि विरोध करने के बाद आरोपी कहने लगा कि कपड़े ढंग से पहना करो, ये इंडिया है। युवती द्वारा किए गए पोस्ट पर मुंबई पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश में जुट गई। बता दें कि दो दिन पहले बेस्ट बस में भी एक महिला यात्री का दिनदहाड़े यौन उत्पीड़न किया गया। महिला १६७ नंबर की बस में सवार होकर प्रभादेवी से वर्ली की तरफ सुबह १० बजे जा रही थी, तभी एक व्यक्ति महिला के अंगों को छूने लगा। यहां तक कि उसने महिला के गुप्तांग तक को हाथ लगा दिया था।

अन्य समाचार

आशा अनल