मुख्यपृष्ठनए समाचारकन्नड न बोल पाने पर दिखा कन्नड़ी समर्थकों का उन्माद ...कर्नाटक में...

कन्नड न बोल पाने पर दिखा कन्नड़ी समर्थकों का उन्माद …कर्नाटक में महाराष्ट्र के एसटी चालक के मुंह पर पोती कालिख

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के एसटी चालक के कन्नड भाषा नहीं बोल पाने की वजह से कन्नड समर्थकों ने उत्पात मचाया। शुक्रवार रात कर्नाटक में कन्नड रक्षण वेदिके के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल के बस चालक के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि उसे कन्नड़ में बोलने के लिए मजबूर करते दिखे। जब इससे भी उनका मन नहीं भरा तो एसटी चालक के मुंह पर कालिख पोत दी। इस घटना से सीमा क्षेत्र के मराठी लोगों में गुस्से की लहर पैâल गई है।
महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की एक बस यात्रियों को लेकर मुंबई से बंगलुरु जा रही थी, तभी चित्रदुर्ग के पास कुछ कन्नड रक्षण वेदिके के कार्यकर्ताओं ने बस को रोक दिया और बस चालक को बस से उतारकर उसके साथ बदसलूकी की। महाराष्ट्र के बस चालक मराठी और हिंदी में उनसे संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कन्नड वेदिके के कार्यकर्ताओं ने उन्हें कहा कि अगर तुम्हें कर्नाटक में आना है, तो कन्नड़ आनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने चालक के मुंह पर कालिख पोत दी। साथ ही बस पर भी काला रंग फेंक दिया। बस चालक ने इस घटना की जानकारी कोल्हापुर विभागीय कार्यालय को दी। इसके बाद महाराष्ट्र के एसटी के अधिकारी चित्रदुर्ग की ओर रवाना हो गए। वे आज एसटी को महाराष्ट्र वापस लेकर आएंगे।
महाराष्ट्र ने रोका परिवहन
कन्नड रक्षण वेदिके के कार्यकर्ताओं द्वारा एसटी और चालक के मुंह पर कालिख पोतने की घटना की प्रतिक्रिया महाराष्ट्र में देखने को मिली। महाराष्ट्र से कर्नाटक जाने वाली एसटी सेवा को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। शनिवार सुबह १० बजे के बाद कोल्हापुर से कर्नाटक जानेवाली परिवहन सेवा को रोक दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, स्थिति सामान्य होने पर एसटी सेवा फिर से शुरू की जाएगी।
सुरक्षा मिलने पर ही जाएंगे कर्नाटक
इस घटना के बाद महाराष्ट्र एसटी बस ड्राइवर और कंडक्टरों ने कहा है कि अब सुरक्षा मिलने पर ही हम कर्नाटक में बस लेकर जाएंगे। कन्नड संगठन के मराठी विरोध के कारण अनावश्यक भाषाई तनाव पैदा हो रहा है और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शनिवार सुबह से महाराष्ट्र की बसें कर्नाटक नहीं जा रही हैं, जिससे बेलगांव से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
शिवसेना ने महाराष्ट्र में
कर्नाटक की बसें रोकीं
कर्नाटक में हुई घटना की तीव्र प्रतिक्रिया सीमा क्षेत्र में देखने को मिल रही है। कोल्हापुर में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक परिवहन विभाग की बसें रोककर कन्नड़ समर्थकों की बदसलूकी का विरोध किया। साथ ही कर्नाटक की बसों पर भगवा झंडा फहराकर जैसे को तैसा जवाब देने का की चेतावनी शिवसेना ने दी। कर्नाटक में महाराष्ट्र के लोगों को पीटा जा रहा है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? सीमा क्षेत्र में कन्नड समर्थकों की दादागिरी बंद नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन खड़ा करके कर्नाटक की बसों को आग लगा देंगे। इस तरह का गुस्सा शिवसेना ने जताया।

अन्य समाचार