मुख्यपृष्ठनए समाचारक्षेत्रीय परिवहन विभाग ने रात के समय चलने वाले 732 ऑटोरिक्शा का...

क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने रात के समय चलने वाले 732 ऑटोरिक्शा का किया जांच

-240 ऑटोरिक्शा के खिलाफ की गई कार्रवाई और 45 ऑटोरिक्शा को किया गया जब्त…17 लाख 67 हजार रुपए वसूला जुर्माना

राधेश्याम सिंह / वसई

क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने शहर में रात के समय चलने वाले अनाधिकृत और अनियमित रिक्शा पर अंकुश लगाने के लिए उड़नदस्ते सक्रिय कर दिए हैं। पिछले पांच दिनों में 240 रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 45 रिक्शा जब्त किए गए हैं। वसई-विरार शहर की बढ़ती आबादी के साथ ही रिक्शा की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हुई है। खासकर लाइसेंस खुलने के बाद से शहर की सड़कों पर रिक्शा की संख्या में वृद्धि हुई है। वहीं दूसरी ओर शहर में रात के समय अवैध रिक्शा धड़ल्ले से चल रहे हैं। बिना किसी तरह के कागजात के रिक्शा धड़ल्ले से चल रहे हैं। किसी भी तरह की कार्रवाई से बचने के लिए ये रिक्शा चालक रात के समय ही अपने रिक्शा लेकर निकल रहे हैं।
इनमें से ज्यादातर रिक्शा चालक गुंडे हैं और आए दिन झगड़े और मारपीट जैसी घटनाएं होती रहती हैं। इन रिक्शा चालकों पर कोई नियंत्रण न होने के कारण ऐसे रिक्शा चालकों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। नागरिकों और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से परिवहन विभाग के पास अनाधिकृत रिक्शा चालकों के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही थीं। अंत में क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने अनाधिकृत रिक्शा और नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए रात में उड़नदस्ते सक्रिय कर दिए हैं और रिक्शा की जांच की जा रही है। रिक्शा के लाइसेंस, बैच, जरूरी कागजात सभी की जांच की जा रही है। पिछले पांच दिनों में 732 ऑटोरिक्शा की जांच की गई है और इन निरीक्षणों में 240 ऑटोरिक्शा दोषी पाए गए हैं। 45 ऑटोरिक्शा जो अनाधिकृत हैं, उन्हें जब्त कर लिया गया है। परिवहन विभाग ने बताया है कि इनसे अब तक 17 लाख 67 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि अनाधिकृत रिक्शा की बढ़ती संख्या की शिकायतें बढ़ रही हैं। ऐसे में अनाधिकृत रिक्शा पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

-अतुल आदे 

अन्य समाचार