मुख्यपृष्ठसमाचारसुरीली होगी ट्रांसजेंडरों की आवाज

सुरीली होगी ट्रांसजेंडरों की आवाज

-जीटी अस्पताल में शुरू हुई वाइस सर्जरी

-कम लागत में होगा इलाज

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

सरकारी और मनपा अस्पतालों में महिला से पुरुष और पुरुष से महिला यानी लिंग परिवर्तन सर्जरी काफी समय से हो रही है। इसका लाभ ट्रांसजेंडर भी उठा रहे हैं। हालांकि, सर्जरी कराने के बाद ट्रांसजेंडरों की मर्दाना आवाज से उन्हें छुटकारा नहीं मिल पा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए मुंबई के जीटी अस्पताल में वाइस सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। चिकित्सकों का कहना है कि कम लागत में होनेवाली इस सर्जरी को करानेवाले ट्रांसजेंडरों की आवाज सुरीली सुनाई देगी।
उल्लेखनीय है कि बीड निवासी पुलिसकर्मी ललिता ने मुंबई के सेंट जॉर्ज अस्पताल में लिंग परिवर्तन सर्जरी कराई थी। इस सफल ऑपरेशन के बाद यहां चार लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें तीन पुरुष और एक महिला का समावेश है। इसी तरह मुंबई मनपा के सायन अस्पताल में पिछले कुछ महीनों में २८ लिंग परिवर्तन सर्जरी की गई है। इनमें से २१ पुरुष अपना लिंग परिवर्तन कर महिला और सात महिलाओं ने पुरुष बनने के लिए लिंग परिवर्तन सर्जरी करा चुकी हैं। किन्नरों की इस समस्या का निराकरण करने के लिए मुंबई के जीटी अस्पताल में ट्रांस वाइस एंडोस्कोपिक वेंडलर फेमिनाइजेशन सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सर्जरी के माध्यम से ट्रांसजेंडरों के आवाज में बदलाव किया जाएगा।
ये हैं सुविधाएं
इसके तहत जीटी अस्पताल के कान, नाक और गला विभाग के तहत मंगलवार और गुरुवार को ओपीडी में विशेषज्ञ डॉ. उपलब्ध होंगे। इसके तहत मुंबई अस्पताल के स्वरयंत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नुपुर कपूर की नियुक्ति की गई है। इसका सबसे अधिक लाभ लिंग परिवर्तन सर्जरी करानेवालों को होगा।
५०० से १,००० रुपए में होगी सर्जरी
जेजे अस्पताल की डीन डॉ. पल्लवी सापले ने कहा कि निजी अस्पतालों में इस सर्जरी को कराने पर तकरीबन एक लाख रुपए तक का खर्च आता है। हालांकि ट्रांसजेंडरों के लिए जीटी अस्पताल में यह सर्जरी महज ५०० से १,००० रुपए में कर दी जाएगी। इसमें २० रुपए रजिस्ट्रेशन से लेकर ३० रुपए बेड चार्ज का समावेश है। इसमें भी यलो राशन कार्डधारकों के लिए यह सुविधा मुफ्त में उपलब्ध होगी।

अन्य समाचार