मुख्यपृष्ठनए समाचारदक्षिण मुंबई की पन्ना अली मेंशन में आग लगने से मचा हड़कंप...दो...

दक्षिण मुंबई की पन्ना अली मेंशन में आग लगने से मचा हड़कंप…दो महिलाओं की मौत…2 गंभीर रूप से झुलसे…अस्पताल में भर्ती

राजेश जायसवाल / मुंबई

दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में एक ११ मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दम घुटने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में जेजे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पन्ना अली मेंशन में रविवार की सुबह करीब ६.११ बजे आग लगी थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया, परंतु आग लगने की वजह से कई लोग धुएं की चपेट के आ गए। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। दम घुटने से मरने वाली दो महिलाओं में से साजिया आलम शेख (३०) और सबीला खातून शेख (४२) की मौत हो गई है। इसके अलावा शाहीन शेख (२२) और करीम शेख (२०) बुरी तरह से घायल हो गए।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत की छठी और आठवीं मंजिल पर एक-एक महिला का धुएं के कारण दम घुटने के बाद निजी एंबुलेंस से इलाज के लिए जेजे अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि आग इमारत के भूतल पर लगे मीटर और बिजली के तारों में लगी, जिसने धीरे-धीरे ऊपरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। इमारत पूरी तरह से जलकर काली हो गई है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बहरहाल, इस दु:खद हादसे ने एक बार फिर शहर की ऊंची इमारतों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का ध्यान अग्नि सुरक्षा उपायों की समीक्षा की ओर केंद्रित किया है। अब देखना यह होगा कि इस मामले की जांच रिपोर्ट में आग लगने का कारण क्या बताया जाता है?

अन्य समाचार